मधेसी आंदोलन के चलते रिश्तों में आई खटास को दूर करने की भारत और नेपाल की कोशिशें जारी हैं। आपसी गलतफहमियों को दूर कर लिए जाने की बात कहने वाले नेपाल से भारत ने सोमवार को कहा है कि वह उसका ‘बड़ा भाई’ है, ‘बिग ब्रदर’ नहीं। दरअसल भारत पर अक्सर आरोप लगाया जाता रहा है कि वह नेपाल के साथ बिग ब्रदर के जैसा व्यवहार करता है, जिसका लहजा एक तरह से धाक जमाने वाला रहा है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि भारत हमेशा अपने पड़ोसी देश के लिए मदद को आगे आता रहा है, उसने कभी उसके लिए मुश्किलें नहीं खड़ी कीं।
सुषमा ने दोनों देशों के बीच पुराने संबंधों का हवाला देते हुए नेपाली नेताओं और प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को नया संविधान लागू करने के लिए बधाई भी दी।