गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के बयान पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने पलटवार किया है। संघ प्रवक्ता राम माधव ने शिंदे को आतंकियों का चहेता करार दिया है। राम माधव ने ट्विटर पर कहा है कि गृहमंत्री शिंदे को रविवार के बयान के बाद जमात-उद-दावा जैसे संगठनों ने बधाई दी है। शिंदे आतंकियों के चहेते हो गए हैं।
गौरतलब है कि गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने रविवार को जयपुर में आयोजित कांग्रेस पार्टी के चिंतन शिविर में प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर ‘हिंदू आतंकवाद' फैलाने का गंभीर आरोप लगाया था।
खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए शिंदे ने कहा कि उनके पास ऐसी रिपोर्ट आई हैं, जिससे यह साबित होता है कि भाजपा और संघ अपने कैंपों में हिंदू आतंकवाद की ट्रेनिंग दे रहे हैं। इन संगीन आरोपों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए भाजपा और संघ ने इस बयान को बेहद गैर जिम्मेदार करार दिया और सोनिया गांधी व शिंदे से तुरंत माफी मांगने को कहा है।
कांग्रेस के दो दिन के जयपुर चिंतन शिविर के बाद रविवार को एआईसीसी की बैठक में शिंदे ने कहा कि आरएसएस और बीजेपी के लोग बम प्लांट करते हैं ताकि इसका दोष अल्पसंख्यकों पर मढ़ा जा सके। भाजपा की यह विघटनकारी नीति है ओर हमें इसके लिए सतर्क रहना होगा।
शिंदे यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि हमें भाजपा के विष फैलाने वाले प्रचार को रोकना होगा। बवाल मचने के बाद शिंदे ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने ‘हिंदू आतंकवाद’ नहीं बल्कि ‘भगवा आतंकवाद’ कहा है।
मगर संघ और भाजपा पर लगाए आरोपों को वापस नहीं लिया, बल्कि यह कहा कि यह कोई नई बात नहीं है और ‘भगवा आतंकवाद’ को लेकर पहले भी चर्चा हो चुकी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने भी उनका समर्थन करते हुए कहा कि यह बात सबको पता है, लेकिन कहने की हिम्मत कोई नहीं जुटा रहा था। इसलिए शिंदे तारीफ के काबिल हैं।