भाजपा में मोदी राग अलाप रहे नेताओं की पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के पक्ष में लामबंदी बढ़ती ही जा रही है।
यशवंत सिन्हा, सुषमा स्वराज, शिवराज सिंह चौहान के बाद अब अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा भी उनके समर्थन में सामने आ गए हैं।
पटना साहिब से भाजपा सांसद ने एक न्यूज चैनल से खास बातचीत में पीएम पद के लिए आडवाणी की जमकर वकालत की।
उन्होंने कहा कि आडवाणी सबसे अनुभवी और योग्य नेता हैं। वह किसी भी पद के काबिल हैं। सिन्हा ने कहा कि पार्टी में पीएम पद के सबसे योग्य अगर कोई नेता है तो वे आडवाणी हैं।
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लोकप्रिय होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में मोदी की तरह और भी कई लोकप्रिय नेता हैं।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मोदी की तरह ही जीत की हैट्रिक लगाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा अगला लोकसभा चुनाव 2013 में ही होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के खिलाफ नित प्रतिदिन घोटाले, भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं।