कांग्रेस महासचिव शकील अहमद ने नरेंद्र मोदी के लिए अमेरिकी वीजा के मुद्दे पर रविवार को भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की जमकर हंसी उड़ाई।
अहमद ने ट्विटर पर लिखा है कि मैं अमेरिका के निकट कनाडा में हूं। राजनाथ सिंह को बताया जाना चाहिए कि अमेरिका में अभिभावकों को सिर्फ नाबालिगों के लिए वीजा आवेदन करने की अनुमति है।
दूसरी ओर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी जदयू नेता शिवानंद तिवारी ने कहा कि मोदी की लोकप्रियता में किसी प्रकार का संदेह नहीं हो सकता।
तिवारी का यह बयान इसलिए भी अहम है कि मोदी को लेकर तिवारी की बयानबाजी ही बिहार में भाजपा-जदयू गठबंधन टूटने की मुख्य वजह बनी थी।
कुछ ही दिन पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा था कि देश में नरेंद्र मोदी की लहर चल रही है।
कैटरीना की वजह से नहीं मिल रहा मोदी को वीजा
भाजपा अध्यक्ष ने पिछले हफ्ते कहा था कि वह वाशिंगटन में अमेरिकी सांसदों के समक्ष वीजा मुद्दा उठाएंगे और अमेरिकी सरकार से गुजरात के मुख्यमंत्री को वीजा प्रदान करने की अपील करेंगे।
बहरहाल, इस मुद्दे पर कांग्रेस के हमले का जवाब देते हुए भाजपा ने बाद में स्पष्ट किया था कि सिंह ने ओबामा प्रशासन से मोदी को वीजा देने का आग्रह नहीं किया है और न ही कभी गुजरात के मुख्यमंत्री ने वीजा के लिए आवेदन किया है।
नीतीश के गढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे मोदी!
इस मामले में अमेरिका कह चुका है कि यदि नरेंद्र मोदी वीजा के लिए आवेदन करते हैं तो इस पर अन्य मामलों की तरह ही विचार किया जाएगा।
अहमद ने शनिवार को भी वीजा विवाद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। वे शनिवार को लंदन के निजी दौरे पर थे।
उन्होंने ट्वीट किया था कि अब भाजपा अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई से अपील करेगी कि वह मोदी को वीजा नहीं देने के लिए सांसदों द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को पत्र लिखने के मामले की जांच करे।