इलाहाबाद में जार्जटाउन स्थित माघ मेला गोदाम आफीसर्स कालोनी में रहने वाले सीओ रंजन सिंह के घर के सामने गुरुवार को एक अधेड़ ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली।
कालोनी के लोगों की नजर पड़ी, तो उसे बचाने के लिए कंबल डाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची जार्जटाउन पुलिस ने पूछताछ की लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।
मोहल्ले के अमन उपाध्याय ने बताया कि अपराह्न करीब 11.45 बजे रिक्शे पर एक अधेड़ आया। वह सिर्फ अंडरवियर पहने था और उसके हाथ में तकिया था। थोड़ी देर में वह उसी रिक्शे से लौट गया। कुछ देर बाद फिर लौटा।
इस दौरान घर के बाहर खड़ी एक महिला के मुताबिक उसके हाथ में बोतल थी। अधेड़ के पांव में चोट लगी थी जिस पर पट्टी बंधी थी। वह सीओ रंजन सिंह के घर की दीवार के सहारे तकिया लगाकर बैठ गया। लोगों ने सोचा बीमार या घायल है और आराम कर रहा है।
अचानक लपटें उठने पर समीप काम कर रहे दो कारपेंटरों की नजर उस पर पड़ी तो वह शोला बना हुआ था। लोगों ने संभावना जताई कि बोतल में ज्वलनशील पदार्थ रहा होगा, जिसे उड़ेलकर उसने आग लगाई है। समीप स्थित पान के दुकानदार ने बताया कि रिक्शे से उतरने के बाद उसने माचिस खरीदी थी।
पहचान न होने पर जार्जटाउन पुलिस ने अज्ञात में शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। अधेड़ ने जान देने के लिए सीओ आवास क्यों चुना, इसे लेकर चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोगों के मुताबिक किसी मामले में न्याय की गुहार लेकर आया होगा, निराशा के चलते आत्मदाह कर लिया।