भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के अमरावती में आयोजित चुनावी रैली में कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर बरसे। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यूपीए सरकार किसानों को बेरोजगार बनाने का काम कर रही है।
मोदी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि शहजादे महाराष्ट्र में किसानों के आंसू पोंछने आते हैं लेकिन सिर्फ गुजरात के विकास को गाली देकर चले जाते हैं।
मोदी ने महाराष्ट्र के लोगों से एनसीपी मुक्त महाराष्ट्र और कांग्रेस मुक्त देश बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता ने 1857 में अंग्रेजों को देश से भगाने के लिए एक लड़ाई लड़ी थी और अब जनता 2014 में देश को कांग्रेस मुक्त बनाने की लड़ाई लड़ेगी।
'सरकार चलाना कोई बच्चों का खेल नहीं है'
सोनिया गांधी ने दिल्ली की पहली चुनावी रैली में विपक्षियों पर जमकर तीर छोड़े। अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग सरकार बनाना और चलाना बच्चों का खेल समझते हैं। लेकिन वह ऐसा कर नहीं पाते हैं और हार जाते हैं।
रैली उन्होंने किसी भी विपक्षी दल का नाम नहीं लिया लेकिन एक-एक कर सबपर बरसीं। पहली बार उन्होंने अरविंद पर निशाना साधते हुए सरकार चलाने के तरीके पर प्रहार किए।
सोनिया गांधी ने बीजेपी पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि कुछ लोग देश को टुकड़ों में बांटने में लगे हैं। वे केवल देश के एक हिस्से के बारे में सोचते हैं। जबकि कांग्रेस पूरे देश को एकजुट विकास के रास्ते पर ले जाने का काम कर रही है। यूपीए टू ने इस दिशा में कई कदम बढ़ाए हैं।
यूपी के सीएम पर युवक ने फेंकी चप्पल
गाजियाबाद में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आम लोगों के गुस्से से भी दो-चार होना पड़ा।
रविवार दोपहर गाजियाबाद के कविनगर इलाके में स्थित रामलीला ग्राउंड में आयोजित रैली में जैसे ही अखिलेश यादव ने अपना भाषण शुरू किया एक युवक ने उनकी ओर चप्पल उछालकर फेंकी। हालांकि चप्पल अखिलेश यादव से काफी दूर प्रेस दीर्घा में गिरी।
युवक की इस हरकत से सीएम की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी हरकत में आ गए और उन्होंने तुरंत युवक को पकड़ लिया। पुलिसकर्मी युवक को गिरफ्तार कर थाने ले गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
बागियों ने केजरीवाल से पूछे 11 सवाल
खुद को आम आदमी पार्टी का संस्थापक सदस्य बताने वाले तीन नेताओं ने पार्टी की कार्यशैली व संयोजक अरविंद केजरीवाल की मंशा पर सवालिया निशान लगाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल कांग्रेस के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। आरोप लगाने वाले राजेश गुप्ता ने खुद को पार्टी के व्यवस्था सेल, अश्वनी उपाध्याय को लीगल सेल व संजय को हरियाणा स्टेट के सदस्य के तौर पर जुड़े रहने की बात कही।
तीनों ने केजरीवाल से 11 सवाल भी पूछे हैं, जिस पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाने की मांग की गई है।
छह साल के लिए भाजपा से निकाले गए जसवंत सिंह
भाजपा ने वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह को शनिवार को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। पार्टी का टिकट नहीं मिलने से नाराज जसवंत ने राजस्थान के बाड़मेर से निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था।
शनिवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था। जसवंत के नाम वापस लेने से इनकार किए जाने के बाद पार्टी ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने जसवंत से संपर्क कर मनाने की कोशिश की कि वह अपनी दावेदारी छोड़ दें लेकिन जसवंत ने इन खबरों का खंडन किया था।
मुलायम पर बरसे उलेम
राष्ट्रीय ओलमा काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना आमिर रशादी मदनी लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ से मुलायम को टक्कर देंगे।
साथ ही वह वाराणसी में मोदी को हराने के लिए अरविंद केजरीवाल व मुख्तार अंसारी में से किसी एक को समर्थन देंगे। उनका कहना है कि मुलायम उप्र के मोदी हैं।
उन्होंने मुजफ्फरनगर मामले पर कहा, मुलायम मोदी से ज्यादा खतरनाक हैं। इसलिए ओलमा काउंसिल यूपी में सपा के खिलाफ चुनाव लड़ेगी।
नगमा को देख फिर भीड़ बेकाबू, अधूरा बंद हुआ रोड शो
क्षेत्र के गांवों में रोड शो करने पहुंचीं मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी नगमा की एक झलक पाने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों में धक्कामुक्की तक हो गई। समर्थकों ने विरोधियों के कार्यालयों के समक्ष जमकर नारेबाजी की। यह देख नगमा शाहजहांपुर जाने की बजाय किठौर से ही लौट गईं।
शनिवार को क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी नगमा का रोड शो था। पूर्व विधायक परवेज हलीम के नेतृत्व में भटीपुरा, हसनपुर कला में रोड शो करते हुए वह किठौर पहुंचीं। यहां उन्होंने कहा कि उनका मुकाबला नरेंद्र मोदी और सांप्रदायिक ताकतों से है।
किठौर में नगमा की एक झलक पाने के लिए लोगों में धक्कामुक्की शुरू हो गई। यह देख शाहजहांपुर जाने की बजाय वह किठौर से ही मेरठ लौट गईं।
नकवी के घर के सामने धरना देंगी साबिर की पत्नी
जेडीयू के बाद भाजपा से निष्कासित राज्यसभा सांसद साबिर अली ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्तार अब्बास नकवी से मांफी की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में साबिर अली के साथ उनकी पत्नी यास्मीन भी मौजूद थीं। साबिर ने कहा, 'नकवी के आरोपों से मेरा पूरा परिवार सदमे में है। ऐसा इल्जाम आज तक मुझपर कभी नहीं लगा।'
साबिर अली की पत्नी ने कहा कि अगर मुख्तार अब्बास नकवी ने 24 घंटे के अंदर अपने आरोपों पर माफी नहीं मांगी तो वे उनके घर के सामने धरना देंगी।
मोदी के शासन में नहीं हुआ काम : मिस्त्री
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव तथा वडोदरा से कांग्रेस उम्मीदवार मधुसूदन मिस्त्री ने आरोप लगाया है कि गुजरात में मोदी के शासनकाल में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मोदी झूठा प्रचार कर रहे हैं और उनके शासन में यहां कोई विकास नहीं हुआ है। उन्होंने चुनौती दी कि मोदी उनके सामने बैठें और यहां हुए विकास कार्यों के बारे में विचार विमर्श करें तब उन्हें हकीकत से अवगत कराया जाएगा कि वह विकास के नाम पर सिर्फ झूठ बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी झूठ बोल रहे हैं, इसलिए वह मीडिया के सवालों से बच रहे हैं और गुजरात के वडोदरा के साथ ही उत्तर प्रदेश के वाराणसी से भी चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी की विध्वंसक मानसिकता है और वडोदरा के लोग उन्हें अच्छी तरह से जानते हैं। वडोदरा से उनका पुराना संबंध है।
22 गांवों के लोग करेंगे चुनाव बहिष्कार
विकास क्षेत्र असमोली के बाइस गांवों को मुरादाबाद में वापसी की मांग पर राजनीतिक संगठनों की खामोशी पर पंचायत कर शनिवार को एक बड़ा फैसला किया है।
तय किया गया है कि इन बाइस गांवों के लोग मतदान के बहिष्कार करने के साथ साथ किसी भी राजनीतिक संगठन की ना तो सभा होने देंगे और ना ही किसी प्रत्याशी की सभा कराएंगे। जो झूठे आश्वासन देने की कोशिश करेंगे, उनसे महिला विंग निपटेगी।
क्षेत्र के शाहपुर डसर गांव के समीप स्वाभिमान बचाओ आंदोलन समिति की ओर से शनिवार को गुमसानी, मढ़न न्याय पंचायतों के बाइस गांवों के लोगों की पंचायत बुलाई गई।