राजस्थान में सीनियर सेकेण्डरी बोर्ड की परीक्षा में मेरिट के आधार पर राजकीय कॉलेजों में नियमित अध्ययनरत एक हजार छात्राओं को स्कूटी तोहफे में मिलेगी।
राजस्थान सरकार ने विशेष पिछड़ा वर्ग गुर्जर, बंजारा, लोहार, रेबारी और राइका जाति के कल्याण के लिए देवनारायण योजना के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में वित्त वर्ष 2014-15 में 170 करोड़ रुपए का प्रावधान कर बजट का आवंटन संबंधित विभागों को कर दिया है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रमुख शासन सचिव सुदर्शन सेठी ने बुधवार को बताया कि इसी योजना के तहत हर वर्ष एक हजार छात्राओं को स्कूटियों का नि:शुल्क वितरण किया जाता है।
राजस्थान सरकार ने इसके लिए 4.80 करोड़ रुपए कॉलेज शिक्षा विभाग को आवंटित किए हैं। उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए 50 करोड़ रुपए एवं पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए 7.50 रुपए का बजट आवंटित किया गया है।
इस योजना के तहत विशेष पिछडे वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती है। इसमें कक्षा 11 वीं से पीएचडी तक के सभी पाठयक्रम शामिल हैं।
इसके साथ छात्रावास, आवासी विद्यालयों एवं महाविद्यालय के भवनों के निर्माण कार्यों के लिए भी राशि आवंटित कर दी गई है।