ताज नगरी से केंद्र सरकार पर ताबड़तोड़ हमला बोलने वाली सपा पर कांग्रेस ने करारा पलटवार किया है।
पार्टी ने कहा कि देश में शासन करने का सपना संजो रही सपा को पहले अपना घर (उत्तर प्रदेश) संभालना चाहिए। कांग्रेस मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर अखिलेश सरकार को आड़े हाथ लिया।
कांग्रेस ने अब उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ सपा सरकार को घेरने की शुरुआत कर दी है। लखनऊ से ही नहीं बल्कि अब दिल्ली से भी सपा को करारा जवाब दिया जा रहा है।
आगरा से सपा ने केंद्र सरकार को कोसने में कोई कसर नहीं छोड़ी। महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को कोसते हुए सपा ने कहा है कि जनता चाहती है कि यूपीए सरकार जल्द से जल्द जाए।
साथ ही सपा की तरफ जनता उम्मीद भरी निगाह से देख रही है। सपा के इस संदेश को लेकर कांग्रेस ने सीधा हमला बोला है।
पार्टी का कहना है कि सपा देश में पैर पसारने की बात कर रही है, मगर उत्तर प्रदेश को ही वह संभाल नहीं पा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता मीम अफजल ने कहा कि केंद्र सरकार पर आरोप लगाने की बजाए सपा सरकार को उत्तर प्रदेश की सुध लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो हो रहा है। उसकी जिम्मेदारी तय करने की जरूरत है।
सपा सरकार को जवाब तो देना ही पड़ेगा। वहीं कांग्रेस सांसद और अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पी एल पुनिया ने कहा कि सपा के साथ समस्या यह है कि उसे अब दंगे की आग में झुलसे लोगों की चिंता नहीं बल्कि 2014 के लोकसभा चुनाव दिख रहे है। इसलिए वह इस तरह की बात कर रही है।
दंगों के बाद प्रदेश में जिस तरह से सपा के खिलाफ माहौल बना है, उसे देखते हुए अब कांग्रेस भी सतर्क हो गई है। लिहाजा, कांग्रेस ने भी अब जवाबी हमले करने शुरू कर दिए है।
मंगलवार को ही कांग्रेस के प्रभारी महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने सपा सरकार को दंगों के लिए जिम्मेदार ठहराया था। साथ ही कहा था कि राज्य में गुजरात मॉडल अपनाया जा रहा है।