विवादों में फंसी कमल हासन की फिल्म 'विश्वरूपम' को सलमान खान और अक्षय कुमार ने खुलकर समर्थन किया है। सलमान खान ने अपने प्रशंसकों से कहा है कि वे भी उनकी तरह 'विश्वरूपम' का समर्थन करें।
सलमान ने ट्विट किया, 'यह बस एक फिल्म है। कोई भी फिल्म केवल बुरी या अच्छी और हिट या फ्लॉप होती है। जो दर्शक टिकट खरीदकर सिनेमा हॉल जाता है वही इसका फैसला भी करते हैं। कमल हासन के हर फैन की तरह मैं उनका समर्थन करता हूं। साथ ही मैं अपने प्रशंसकों से अपील करता हूं कि वे भी कमल को सपोर्ट करें।'
वहीं अक्षय कुमार ने कहा कि जब सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को पास कर दिया तो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार इसे रिलीज करने से कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने अपने प्रशंसकों से फिल्म देखने की अपील की।
इससे पहले शाहरूख खान, महेश भट्ट, श्याम बेनेगल समेत दक्षिण भारत के कई कलाकार कमल हासन के पक्ष में खुलकर बोले। सेंसर बोर्ड की अध्यक्ष लीला सैमसन ने भी तमिलनाडु सरकार को फटकार लगाई।
शाहरुख खान ने कहा कि निर्माता (फिल्म: बिल्लू/ओम शांति ओम) के रूप में वह ऐसी मुश्किलों से दो-चार हो चुके हैं और यह दुर्भाग्यपूर्ण है। शाहरुख की कंपनी रेड चिलीज ने ही कमल हासन की इस फिल्म के विजुवल इफेक्ट्स का काम किया है।
दक्षिण भारत के स्टार ऐक्टर सिद्धार्थ ने ट्विटर पर तमिलनाडु सरकार को ‘तालिबान’ बताया है। वहीं स्टार नागार्जुन ने कहा, ‘मैंने फिल्म नहीं देखी है लेकिन मैं कमल जी को लंबे समय से जानता हूं। वह ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जो किसी की भावनाओं को आहत करें।’ हासन के अच्छे मित्र रजनीकांत भी फिल्म को लेकर उन्हें अपना समर्थन दे चुके हैं।
निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट ने तमिलनाडु सरकार पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि यह प्रतिबंध राज्य का आतंकवाद है। उन्होंने कहा कि किसी राज्य सरकार को कानून व्यवस्था की आड़ में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा यह विडंबना है कि तमिलनाडु से एमजीआर, करुणानिधि और खुद मुख्यमंत्री जयललिता जैसे नेता फिल्मों से आए हैं और उसके बाद एक कलाकार के साथ यह बर्ताव किया जा रहा है।