वित्तीय वर्ष 2011-12 में देश में प्रति व्यक्ति मासिक आय 13.7 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 5,130 रुपये रही, जोकि 2010-11 में 4,513 रुपये थी। हालांकि इस बढ़ोतरी के बावजूद इसकी वृद्धि दर में सुस्ती देखने को मिली है।
सरकार की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान मूल्यों के आधार पर वित्तीय वर्ष 2011-12 में सालाना प्रति व्यक्ति आय 61,564 रुपये रही, जोकि इससे पिछले वर्ष 2010-11 के 54,151 रुपये से 13.7 फीसदी अधिक है। हालांकि इस वर्ष (2010-11) इसमें 17.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
सकल घरेलू बचत (जीडीएस) की बात की जाए, तो इसमें भी कमजोरी देखने को मिली है। मौजूदा कीमतों के आधार पर 2011-12 में जीडीएस देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 30.8 फीसदी रही, जबकि 2010-11 में यह जीडीपी के 34 फीसदी के स्तर पर थी। वित्त वर्ष 2011-12 में देश की सकल घरेलू बचत 27,65,291 करोड़ रुपये रही, जबकि 2010-11 में यह 26,51,934 करोड़ रुपये रही थी।
देश की सकल घरेलू बचत में यह गिरावट लोगों द्वारा की जाने वाली घरेलू बचत के 10.4 फीसदी से घट कर 8 फीसदी पर आ जाने के चलते देखने को मिली है। इसी तरह कॉरपोरेट सेक्टर की बचत भी 2010-11 के 7.9 फीसदी से घटकर 2011-12 में 7.2 फीसदी पर व सार्वजनिक क्षेत्र की बचत 2.6 फीसदी से घटकर 1.3 प्रतिशत पर रह गई।