देश में ऐसा पहली बार होगा जब एक केन्द्रीय मंत्री व्यवसायिक एयरलाइन के लिए प्लेन उड़ाएगा, हालांकि उनको इसके बदले में कोई मेहनताना नहीं मिलेगा। और ऐसा करने वाले हैं स्किल डेवलपमेंट और संसदीय कार्य राज्यमंत्री राजीव प्रताप रूडी, जिन्हें अपना पायलट का लाइसेंस बचाए रखने के लिए प्लेन उड़ाना होगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी जल्द ही एयर इंडिया और इंडिगो के व्यवसायिक प्लेन को उड़ाते दिख सकते हैं। असल में रूडी एयरबस ए 320 के ट्रेंड पायलट हैं और उन्होंने साल 2007 में फ्लोरिडा में विमान उड़ाने का प्रशिक्षण लिया था।
प्रशिक्षण के बाद उन्होंने कई घंटों की उड़ान का अनुभव हासिल किया था, लेकिन पिछले काफी समय से उन्होंने कोई प्लेन नहीं उड़ाया है। जबकि एक पायलट को अपना लाइसेंस जारी रखने के लिए एक निश्चित उड़ान भरना जरूरी होता है।
पेशेवर पायलट हैं राजीव प्रताप रूडी
ऐसे में अगर रूडी को अपना पेशेवर पायलट का लाइसेंस बचाए रखना है तो उन्हें जल्द ही किसी प्लेन को उड़ाना होगा। रूडी ने बताया कि उनका लाइसेंस जल्द ही एक्सपायर हो सकता है, इसे बचाए रखने के लिए उन्हें जल्द ही विमान उड़ाना होगा।
उन्होंने बताया कि उन्हें एयर इंडिया और इंडिगो से विमान उड़ाने का प्रस्ताव मिल चुका है। मैं अपने लाइसेंस को बचाए रखना चाहता हूं, इसलिए जल्द ही इनमें से किसी एक एयरलाइन का चुनाव कर लूंगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता रूडी निश्चित घंटों की उड़ान के अपने अनुभव के कारण वरिष्ठ पायलट की हैसियत रखते हैं। उन्होंने जो ए 320 प्लेन उड़ाया है वह भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है।
सीनियर केबिन क्रू मेंबर रही हैं रूडी की पत्नी नीलम प्रताप
बता दें कि पूर्व में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में रूडी कुछ दिनों के लिए नागरिक उड्डयन मंत्री भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी नीलम प्रताप इंडियन एयरलाइन में सीनियर केबिन क्रू इंचार्ज हुआ करती थी।
साल 2003 में जब वह इंडियन एयरलाइन में केबिन क्रू की सदस्य हुआ करती थी तब रूडी ही उड्डयन मंत्री थे।
वर्तमान संसद में रूडी अकेले सदस्य हैं जो पायलट हैं, उनसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ही पेशेवर पायलट हुआ करते थे। हालांकि राजनीति में आने से पहले उन्होंने इंडियन एयरलाइन की अपनी नौकरी छोड़ दी थी।