ठाकरे परिवार के बीच दरारें फिलहाल खत्म होती नजर नहीं आ रही हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने शिवसेना के साथ गठबंधन के उद्धव ठाकरे के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि उनका किसी पार्टी के साथ गठबंधन करने का कोई इरादा नहीं है।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित रैली में राज ने कहा, ‘अभी तक किसी भी गठबंधन के बारे में विचार नहीं किया गया है। क्या इस तरह की बातें मीडिया के जरिए होती हैं?’ गौरतलब है कि हाल ही में एक इंटरव्यू में शिव सेना अध्यक्ष उद्धव ने कहा था कि मराठी लोगों के हित में वह मनसे के साथ हाथ मिलाने का स्वागत करेंगे।
उद्घव ठाकरे ने शिवसेना के मुखपत्र 'सामाना' में दिए एक साक्षात्कार में कहा था कि ताली एक हाथ से नहीं बजती। उन्होंने कहा था कि कि मुझे और राज को आमने-सामने बिठाओ और फिर पूछो कि हम साथ आएंगे या नहीं। जबकि शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने शिवसेना और मनसे को साथ लाने के लिए राज ठाकरे को पहल करनी पड़ेगी।
गौरतलब है कि छह वर्ष पहले बाल ठाकरे के भतीजे राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को शिवसेना का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी से अलग होकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का गठन कर लिया था।