कहावत है कि ठंड जाने से पहले एक बार अपना रंग दिखा कर जाती है। सोमवार से पूरे उत्तर भारत में बदलते मौसम को देखकर तो ऐसा ही लगता है कि सर्द हवाओं के साथ हो रही झमाझम बारिश फिर कनकनाती ठंड ले आई है।
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में आज झमाझम बारिश हो रही है। इसके कारण दिल्ली-एनसीआर के तापमान में जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत को फिलहाल ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।
मौसम विभाग ने पहले ही अचानक मौसम के मिजाज के बदलने की भविष्यवाणी की थी। मौसम विभाग के मुताबिक आज मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इसके साथ ही तेज बरसात के साथ ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 7 फरवरी के बाद दिल्ली में ठंड और बढ़ेगी।
हालांकि छह फरवरी के बाद बारिश में कमी आएगी। सात फरवरी से घुन्ध भी शुरू हो सकती है। इसका कारण है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जो दो फरवरी को पाकिस्तान में आ गया था और फिर जम्मू कश्मीर के रास्ते भारत में आया है। इसके बाद सात तारीख के बाद तापमान में कमी आएगी क्योंकि ठंडी हवा अफगानिस्तान और पाकिस्तान से भारत में आएंगी और धुंध भी बढ़ेंगी।
दूसरी तरफ कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों पर भारी हिमपात से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। कश्मीर के रामबन जिले में बर्फीले तूफान में फंसकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ को बचा लिया गया। पर्यटक भी बर्फबारी का आनंद उठाने के लिए हिल स्टेशनों पर पहुंचने लगे हैं।
हिमाचल में हिमपात और बारिश का दौर जारी है। लाहौल और किन्नौर जिले
देश-दुनिया से कट गए हैं। कुल्लू-मनाली, शिमला-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग
समेत 100 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने
बताया कि आने वाले 48 घंटों में हिमाचल में भारी बर्फबारी की आशंका है।