फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काशी में भाजपा कार्यालय पर छापा, पुलिस से भिड़े भाजपाई

Mon, 12 May 2014 08:24 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी में फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने रविवार की दोपहर भाजपा के गुलाब बाग स्थित कार्यालय पर छापा मारकर 2074 टी शर्ट, दो हजार बैज, पांच हजार पम्फलेट और बिना नंबर की एक कार जब्त कर ली। प्रशासन की इस कार्रवाई का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया।
विज्ञापन


उन्होंने मजिस्ट्रेट के साथ धक्कामुक्की की और एसओ सिगरा की वर्दी फाड़ दी, लेकिन एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने उन्हें समझाकर शांत करा दिया। थोड़ी देर के लिए तो गुलाब बाग पुलिस छावनी में तब्दील हो गया था।

रविवार की दोपहर जिला निर्वाचन अधिकारी को सूचना मिली कि गुलाब बाग स्थित काशी प्रांत के भाजपा कार्यालय से गाड़ियों में लादकर शराब एवं पैसा बूथों पर भेजा जा रहा है। इसके आधार पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने मातहतों को कार्रवाई करने का आदेश दिया।
विज्ञापन

भाजपाइयों ने एसओ सिगरा की वर्दी फाड़ी

फ्लाइंग स्क्वायड के मजिस्ट्रेट लायक सिंह अतरे, एसओ मंडुआडीह, एसओ सिगरा मयफोर्स भाजपा कार्यालय पर पहुंच गए। वहां कार्यालय में तो कुछ नहीं मिला, लेकिन समीप खड़ी बिना नंबर की एक कार में पीछे टी शर्ट लदी थी। इसके अलावा कार्यालय के ठीक सामने निर्माणाधीन भवन के अंदर से कई कार्टूनों में टी शर्ट एवं प्रचार सामग्री पकड़ी गई।

मौके पर मिले सभी सामानों की गिनती कराकर पुलिस उसे तीन गाड़ियों में उठा ले गई। कार्यालय पर छापे की सूचना पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गुलाब बाग पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। भीड़ बढ़ती देख पुलिस के भी होश उड़ गए। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में पुलिस भी बुला ली गई। इसी दौरान उत्तेजित भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसओ सिगरा शिवानंद मिश्र की वर्दी फाड़ दी और मजिस्ट्रेट के साथ धक्कामुक्की की।

चेतगंज के सीओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने भाजपा कार्यालय पर छापा मारकर बिना नंबर की एक कार सहित प्रचार सामग्री जब्त की है। पूरे मामले की रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंप दी गई है। जैसा निर्देश मिलेगा, उसी के तहत पुलिस कार्रवाई करेगी।

भाजपा और चुनाव आयोग आमने-सामने

भाजपा और चुनाव आयोग फिर आमने-सामने आ गए हैं। रविवार को कार्यालय पर छापे के बाद बुलाई गई प्रेसवार्ता में पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने आरोप लगाया कि यह असंवैधानिक कार्रवाई केंद्र और प्रदेश सरकार के दबाव में साजिशन की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी लगातार हमारे साथ पक्षपात कर रहे हैं। यह भी कहा कि कार्यालय से कोई सामग्री नहीं ले जाई गई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी को यहां की जनता से मिले अपार जनसमर्थन से सभी विरोधी दल बौखलाहट में हैं। इसीलिए षड्यंत्र के तहत आयोग और पुलिस की मिलीभगत से यह प्रयास किया गया। पार्टी यह मानती है कि ऐसा निष्पक्ष चुनाव में व्यवधान डालने के लिए किया जा रहा है। वहीं, भाजपा की ओर से जारी बयान में चुनाव संचालन समिति के प्रभारी अशोक धवन ने कहा कि शुरू से ही प्रशासन निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है।
विज्ञापन

वाराणसी में पार्टी कार्यालय में छापे से भाजपा नाराज

वाराणसी के सिगरा स्थित अपने कार्यालय में चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन के छापे ने भाजपा को नाराज कर दिया है। पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को वाराणसी में सभा और रोड शो न करने देने से पहले से ही आयोग और स्थानीय प्रशासन से नाराज भाजपा ने पूछा है कि आयोग ने इसी तरह आप के दफ्तर पर छापा क्यों नहीं मारा। पार्टी ने कहा है कि पार्टी दफ्तर में मिली प्रचार सामग्री का यह अर्थ नहीं है कि वहां चुनाव प्रचार बंद हो जाने के बाद भी प्रचार कार्य जारी था।

पार्टी प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने कहा कि मोदी की सभा के लिए इजाजत से ले कर अब तक लोगों ने आयोग और स्थानीय प्रशासन का पार्टी के प्रति रवैये को देखा परखा है। अब मतदान के एक दिन पहले पार्टी दफ्तर पर छापा स्थानीय प्रशासन के उसी पक्षपातपूर्ण रवैये की ही पुष्टि करता है।

लेखी ने सवाल किया कि आखिर छापा महज भाजपा के ही दफ्तर पर क्यों डाला गया। आयोग और स्थानीय प्रशासन ने आप के दफ्तर पर छापा क्यों नहीं मारा। इस दौरान उन्होंने दफ्तर में प्रचार सामग्री पाए जाने को तूल दिए जाने की निंदा की। उन्होंने कहा कि वह बची हुई प्रचार सामग्री थी, जिसे दफ्तर में रखा गया था। वहां सामग्री का मिलना यह साबित नहीं करता कि पार्टी प्रचार बंद होने के बाद भी गुपचुप ढंग से प्रचार कर रही थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें