भारतीय जनता पार्टी में नरेंद्र मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित करने की हलचल शुरू होने के बाद कांग्रेस में भी राहुल गांधी की तारीफें शुरू हो गई हैं।
इस कड़ी में गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी को कांग्रेस का नेता घोषित कर दिया।
शिंदे ने बुधवार को भाजपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि कोई भी रामू, शामू और दामू का नाम प्रधानमंत्री उम्मीदवार के लिए ले सकता है। उनसे भाजपा में मोदी के राजतिलक को लेकर सवाल किया गया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राहुल गांधी को अपना नेता चुन लिया है।
कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी जी20 बैठक से वापस आते हुए भविष्य में राहुल गांधी के नेतृत्व में काम करने को लेकर खुशी जताई थी।
प्रधानमंत्री के बाद असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई और दिल्ली की सीएम शीला दीक्षित ने भी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए आदर्श उम्मीदवार बताया था।
शीला दीक्षित ने एक कार्यक्रम में कहा था कि राहुल में भविष्य दिखता है। वह अगर देश संभालते हैं तो दिल्ली की तस्वीर भी बदलेगी।
वहीं, दिल्ली में संघ और भाजपा की बैठक के बाद जल्द ही नरेंद्र मोदी की पीएम उम्मीदवारी की घोषणा की बातें सामने आ रही हैं। मोदी के नाम पर लालकृष्ण आडवाणी को मनाने के लिए बुधवार को राजनाथ सिंह उनसे मिलने भी पहुंचे।