कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला। राहुल ने कहा कि अपने वादे के मुताबिक भ्रष्टाचार और महंगाई को रोकने के बजाय देश के प्रधानमंत्री जापान में ढोल बजा रहे हैं।
मोदी के अच्छे दिन लाने के वादे पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने लोगों से पूछा कि क्या अच्छे दिन ऐसे ही होते हैं।
अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन राहुल ने केंद्र सरकार के 100 दिन के कार्यकाल पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान समस्याएं घटने के बजाय और बढ़ गई हैं।
सरकार न तो महंगाई पर अंकुश लगा सकी है और न ही यूपी के साथ ही देश के अन्य प्रांतों में बिजली संकट से निपटने की ठोस रणनीति बना पाई है।