गैरआदिवासी नेता रघुवर दास झारखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री और राज्य के पर्यवेक्षक जे पी नड्डा ने रांची में विधायक दल की बैठक के बाद शुक्रवार को इसकी घोषणा की। झारखंड के इतिहास में ये पहला मौका होगा जिसमें कोई गैरआदिवासी नेता राज्य की कमान संभालेगा। 29 दिसंबर को रघुवर दास रांची के बिरसामुंडा मैदान में शपथ लेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के बड़े आदिवासी नेता अर्जुन मुंडा की हार के बाद से ही रघुवर दास मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार के तौर पर उभरे थे। रघुवर दास ने जमशेदपुर (पूर्व) की सीट पर कांग्रेस के आनंद बिहारी दूबे को 70,157 वोटों से हराया है। झारखंड में बीजेपी की बड़ी जीत में इस बार गैरआदिवासी वोटों का खास प्रभाव रहा है। इन्हीं मतदाताओं के दम पर बीजेपी राज्य में पहली बार पूर्ण बहुमत की गैरगठबंधन की सरकार बनाने जा रही है।