सुरसा के मुंह की तरह रोजाना बढ़ रही महंगाई से परेशान लोग अब लूटपाट पर उतर आए हैं। आसमान छूती सब्जियों की कीमतों से गुस्साएं लोगों ने मालदा जिले में तीन बाजारों में सब्जियों को ही लूट लिया।
लोग करीब 5 लाख रुपये के आलू और सब्जियां लूटकर ले गए। इस बीच सब्जी विक्रेताओं ने सुरक्षा नहीं उपलब्ध कराने पर हड़ताल पर जाने की धमकी दी है।
इन दिनों पश्चिम बंगाल की बाजारों में आलू 60 रुपये और प्याज 80 रुपये किलो बिक रहा है। इसके अलावा याम 45 रुपये, कच्चा केला 60 रुपये प्रति दर्जन बिक रहा है।
हालांकि बंगाल में आलू इस बार की तरह कभी इतना महंगा नहीं रहा है लेकिन इस बार आम आदमी की सब्जी कहे जाने वाला आलू का स्वाद भी कड़वा हो गया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को धरमपुर, अचिनटोला और बालूपुर बाजार में लोगों ने सब्जियों की लूटपाट की।
रोजाना सब्जियों की बढ़ती कीमतों से गुस्साएं लोगों के इस कदम से घबराई सरकार ने ऐहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
इससे पहले सोमवार को ग्रामीणों ने मालदा में सोवानगर हाट में लूटपाट की थी। ग्रामीणों ने यह कदम आलू विक्रेताओं के सरकार द्वारा निर्धारित 13 रुपये प्रति किलो आलू बेचने से इनकार किए जाने के बाद उठाया था।
मंगलवार को धरमपुर में लोगों ने सब्जियों की लूटपाट की। आलू की बेलगाम होती कीमतों को देखते हुए ममता बनर्जी ने खुद कृषि विपणन मंत्रालय का जिम्मा संभाल लिया है।
सरकार की ओर से उचित मूल्य की दुकानें खोलकर 13 रुपये किलो आलू बेचा जा रहा है। सरकार ने पड़ोसी राज्यों ओडिशा और झारखंड को आलू की सप्लाई बंद कर दी है।
इसको लेकर इन राज्यों के साथ रिश्तों में भी तनाव उत्पन्न हो गया है।