फूलपुर तहसील के बेलवाना गांव निवासी समुद्र वैज्ञानिक डा. जीयालाल को राजभाषा गौरव पुरस्कार के लिए चुना गया है। यह पुरस्कार उन्हें उनकी पुस्तक ‘समुद्र एवं मानव’ के लिए 14 सितंबर को प्लेनरी हाल, विज्ञान भवन में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी प्रदान करेंगे।
डा. जीयालाल का बचपन गरीबी और तंगहाली में गुजरा। गांव के प्राथमिक पाठशाला से पढ़ाई के दौरान उन्होंने पांचवीं की परीक्षा में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था।
उन्होंने हाईस्कूल और इंटर की पढ़ाई जौनपुर के जमुहाई स्थित राष्ट्रीय इंटर कालेज से की। दो-दो छात्रवृत्ति के सहारे आगे की पढ़ाई करने वाले डा. जीयालाल परिवार की गरीबी को देखते हुए नौकरी करने मुंबई चले गए।
वहां उन्होंने पोस्टआफिस, बैंक, भाभा एटामिक रिसर्च सेंटर और राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान की परीक्षा पास कर ली। पढ़ाई और नौकरी साथ-साथ करने के इच्छुक डा. जीयालाल ने 19 फरवरी 1975 को समुद्र विज्ञान की नौकरी ज्वाइन कर ली।