2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। परिवार के करीबी सूत्र इस बात की चर्चा कर रहे हैं।
47 वर्षीय शर्मिष्ठा एक कथक डांसर है, जिन्होंने अभी तक निर्णय नहीं लिया है कि वह चुनाव लड़ेंगी या नहीं। हालांकि पश्चिम बंगाल की कांग्रेस इकाई टिकट देने को आतुर दिख रही है।
लेकिन उम्मीद की जा रही है कि मुख्य रूप से अपने पिता प्रणब मुखर्जी की हामी के बाद ही उनकी बेटी चुनावी दंगल में प्रवेश करेंगी। राष्ट्रपति के बेटे अभिजीत मुखर्जी मुर्शिदाबाद के जांगीपुर से सांसद हैं। यह सीट राष्ट्रपति बनने के बाद प्रणब मुखर्जी ने छोड़ी थी।
हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में राजनीति से जुड़ने को लेकर मीडिया ने शर्मिष्ठा से सवाल किया तो उन्होने इससे इंकार नहीं किया। इससे पहले उन्होंने हमेशा राजनीति से अपने को दूर रहने की ही बात कही थी।
शर्मिष्ठा के पास उनकी अपनी डांसरों की मंडली है। लेकिन पिता के राष्ट्रपति भवन पहुंचने के बाद से ही वह अपनी मां, सुव्रा के खराब स्वास्थ्य के कारण उनकी तीमारदारी में उनके साथ रह रही हैं।
ऐसा लगता है कि 2014 का लोकसभा चुनाव भी अभिजीत जांगीपुर सीट से ही लड़ेंगे, इस कारण शर्मिष्ठा को अपने लिए नया संसदीय श्रेत्र चुनना होगा, जिसके बाद ही वह औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो पाएंगीं।
बंगाल में कांग्रेस की स्थिति सालों से कमजोर रही है। लेकिन इस खबर के बाद राज्य के पार्टी के नेताओं ने कहना शुरू किया है कि हमें जानकर बहुत खुशी हो रही है कि पार्टी को एक परिचित और युवा चेहरा राज्य में मिलेगा। हम वैसे भी ईमानदार उम्मीदवारों की पहचान कर रहे हैं।
42 लोकसभा सीटों वाले बंगाल में कांग्रेस के पास आज महज 6 सांसद हैं। तीन दशकों तक राज करने वाले लेफ्ट ने कांग्रेस को दरका दिया था, इसके बाद ममता बनर्जी ने 1998 में पार्टी को तोड़कर इसकी नींव ही हिला दी।