दिल्ली के एम्स में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद अब उनका पार्थिव शरीर श्रीनगर पहुंच गया है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जाएगा।
एम्स में सुबह 8 बजे निधन बाद करीब 11 बजे उनका पार्थिव शरीर एम्स से पालम एयरपोर्ट ले जाया गया। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहुंचकर मुफ्ती मोहम्मद सईद को अपनी श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद पालम एयरपोर्ट से मुफ्ती मोहम्मद सईद का पार्थिव शरीर श्रीनगर भेजा गया। राजनाथ सिंह भी श्रीनगर में मुफ्ती मोहम्मद सईद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं।
इससे पहले दिल्ली के एम्स अस्पताल में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई थी। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने एम्स अस्पताल का दौरा किया था। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी भी एम्स पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन की खबर के बाद एम्स पहुंची।
मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी महबूबा मुफ्ती भी एम्स पहुंची। इसके साथ-साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला भी एम्स पहुंचे।
मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन पर शोक की लहर
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन पर देशभर से श्रद्धांजलि दी जा रही है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री लगभग सभी ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी है।
देश के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने ट्वीट कर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन पर हार्दिक संवेदना जताई है। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने भी मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन पर शोक जताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए ट्वीट में कहा कि मुफ्ती साहब के निधन से देश के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में बड़ा आघात लगा है। वो अपने पीछे बड़ा शून्य छोड़कर गए हैं। उनके अनुकरणीय नेतृत्व से लोगों के जीवन पर बड़ा असर पड़ा। मुफ्ती साहब ने अपने लंबे सियासी सफर कई प्रशंसकों का दिल जीता। उन्होंने अपने नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर को हीलिंग टच देने की कोशिश की। मुफ्ती साहब के परिवार और उनके समर्थकों को मेरी संवेदना है।
सियासी दलों ने मुफ्ती को दी श्रद्धांजलि
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट में कहा कि मुझे जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री के निधन के बारे में जानकर काफी दुख हुआ। मुफ्ती सईद जी को जम्मू-कश्मीर से संबंधित जटिल मुद्दों की एक अद्भुत समझ थी। उन्होंने कहा था कि घाटी में स्थायी शांति लाना उनकी चाहत है।
भाजपा नेता राम माधव ने कहा कि मुफ्ती मोहम्मद सईद का निधन एक महत्वपूर्ण मोड़ पर हुआ है। ये बेहद दुखद है। मुफ्ती जी एक दूरदर्शी नेता थे, उन्होंने अपना जीवन जम्मू-कश्मीर को संयुक्त और मजबूती देने में समर्पित कर दिया।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुला ने ट्वीट में कहा कि मैंने अभी-अभी मुफ्ती साहिब के निधन की खबर सुनी। मैं हैरान और बेहद दुखी हूं।