जी न्यूज ने अपने दो संपादकों सुधीर चौधरी (जी न्यूज) और समीर अहलूवालिया (जी बिजनेस) की गिरफ्तारी को गैर कानूनी बताया है। चैनल ने आरोप लगाया है कि यह गिरफ्तारी राजनीतिक दबाव में हुई है।
बुधवार को आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में जी न्यूज के सीईओ आलोक अग्रवाल ने कहा कि उनके संपादकों को बिना किसी सबूत के गिरफ्तार के किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और झारख्रंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के दबाव में की गई है।
आलोक अग्रवाल ने कहा कि कैग की रिपोर्ट के मुताबिक, कोल ब्लॉक आवंटन घोटाले में कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल और उनकी कंपनी जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) मुख्य अभियुक्त हैं।
उन्होंने बताया कि नवीन जिंदल की मां सावित्री जिंदल ने जी ग्रुप के प्रोमोटर जवाहर गोयल से मिलकर पारिवारिक रिश्तों का हवाला देकर खबरों को रुकवाने भी की थी।
जी न्यूज के वकील आरके हांडू ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि जी के संपादकों और जेएसपीएल के अधिकारियों की बीच 6 घंटे की बातचीत में सिर्फ 15 मिनट की टेप को दिखाया गया है।
यदि आप टेप को इतने कम समय (15 मिनट) कर देंगे तो इसे किसी भी रूप में दर्शाया जा सकता है।