अभिनेत्री जिया खान की हत्या नहीं हुई है बल्कि ब्वायफ्रेंड सूरज पंचोली के उकसाने पर उसने आत्महत्या की थी। पुलिस ने अपनी चार्जशीट में अभिनेता आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं।
लेकिन उसने इस मामले को हत्या मानने से इनकार करते हुए कहा है कि ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं, जिससे मर्डर का शक हो। हालांकि जिया की मां राबिया खान ने मामले की सीबीआई या एसआईटी जांच के लिए हाईकोर्ट जाने का फैसला किया है।
इसके अलावा उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से भी इस संबंध में गुहार लगाकर एफबीआई से जांच कराने की अपील की है क्योंकि जिया खान अमेरिकी नागरिक थी।
जिया खान की मां एक ब्रिटिश नागरिक हैं। उन्होंने शक जताया है कि नफीसा रिजवी खान उर्फ जिया खान की हत्या की गई है।
हालांकि पुलिस ने अंधेरी कोर्ट में 447 पन्नों की जो चार्जशीट दाखिल की है, उसमें सबूतों के आधार पर सूरज पंचोली को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी बनाया है।
मुंबई पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, ‘जिया की हत्या को लेकर कोई सबूत नहीं मिले हैं।
हमने जिया की मां के द्वारा दी गई चीजों की जांच है, मर्डर थ्योरी को पुख्ता करने का कोई सबूत नहीं मिला।’ मुंबई पुलिस के मुताबिक सूरज ने जिया से मिलने से इनकार कर दिया था, जिसकी वजह से उन्होंने खुदकुशी की।
हालांकि राबिया खान पुलिस के तर्क से संतुष्ट नहीं है और उन्होंने एसआईटी या सीबीआई जांच के लिए हाईकोर्ट की शरण लेने का फैसला किया है।
राबिया ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘हमें मुंबई पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है क्योंकि उन्होंने उन फोरेंसिक सबूतों को भी अनदेखा कर दिया, जो जिया की हत्या की ओर इशारा करते हैं।
उनकी रिपोर्ट आरोपी को फायदा पहुंचाने के लिए तैयार की गई है।’ उन्होंने पुलिस की आलोचना करते हुए कहा कि उसने चार्जशीट दाखिल करने से पहले उन्हें जानकारी नहीं दी और उन्हें मीडिया के द्वारा इसकी जानकारी मिली।
राबिया ने यह भी कहा कि उन्होंने भारत में अमेरिकी राजदूत नैंसी पावेल को पत्र लिखकर जांच में एफबीआई की मदद मांगी है। उनकी मानें तो एफबीआई इस मामले में भारत को मदद देने के लिए तैयार है।