प्रधानमंत्री कार्यालय का आरटीआई विभाग अजीब-गरीब आवेदनों से परेशान है। पीएम इंडिया की वेबसाइट के मुताबिक एक आरटीआई आवेदनकर्ता ने पीएमओ से पूछा कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीति में आने से पहले किसी रामलीला पार्टी में काम करते थे और वह किस प्रकार की भूमिका निभाते थे। हालांकि, पीएमओ ने इसका रिकॉर्ड न होने की बात कही।
इस तरह के कई आरटीआई आवेदन पीएमओ को लगातार मिल रहे हैं। पीएमओ के आरटीआई विभाग के अधिकारियों के मुताबिक वर्ष 2015 में करीब 13 हजार आरटीआई आवेदन मिले। इनमें से कुछ आरटीआई आवेदन ऐसे हैं जिनका पीएमओ से कोई लेना-देना नहीं होता, लेकिन उन्हें हर आरटीआई का जवाब देना होता है।
पीएमओ अधिकारियों ने बताया कि आजकल घर से भी आरटीआई आवेदन भेजे जा सकते हैं। इस कारण इतनी बड़ी संख्या में आरटीआई आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। पीएम इंडिया की वेबसाइट पर आरटीआई सेक्शन को खंगालने से पता चलता है कि कुछ ऐसे विषयों को आरटीआई आवेदन दिए गए जिनके बारे में जानकारी पहले से ही वेबसाइट पर थी।