प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं में बढ़ रही ड्रग्स की लत को लेकर इस बार रेडियो पर लोगों से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री आगामी रविवार यानी सात दिसंबर को मन की बात कार्यक्रम में लोगों से बातचीत करेंगे।
प्रधानमंत्री को ड्रग्स के नशे से लड़ने को लेकर लोगों से कई तरह के सुझाव मिले हैं। वह इसे जनता के साथ साझा करेंगे। साथ ही नशे की लत खत्म करने को लेकर सरकार क्या करने की सोच रही है, इस बात का भी खुलासा करेंगे।
रेडियो पर प्रधानमंत्री का यह तीसरा संवाद होगा। जनता के बीच दूरी मिटाने के लिए प्रधानमंत्री ने रेडियो पर अपनी बात रखने का सिलसिला शुरू किया था। प्रधानमंत्री डाक, ई-मेल और सोशल मीडिया के जरिए मिली लोगों की सलाह को पढ़ते हैं।
इसमें से जो सलाह उनको अच्छी लगती है, वह उसका जिक्र भी इस कार्यक्रम में करते हैं। सरकार को इस पहल को लेकर सकारात्मक रिपोर्ट मिल रही है।