प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही वित्तीय समावेश के मौजूदा अभियानों को रफ्तार देने के ठोस कदम उठा सकते हैं। प्रधानमंत्री की ओर से वित्तीय समावेश की बड़ी योजना के खुलासे की उम्मीद है। माना जा रहा है कि मोदी इस साल 15 अगस्त पर लाल किले से भाषण देते वक्त वित्तीय समावेश को बढ़ावा देने वाली महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा कर सकते हैं।
वित्तीय सेवाओं के सचिव जी.एस. संधू की ओर से इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) को भेजे गए नोट में कहा गया है कि इस समग्र वित्तीय समावेश कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लोगों को इंश्योरेंस और पेंशन कवर मुहैया कराने से लेकर ऋणदाताओं के लिए डिफाल्ट कवर और 15 करोड़ बैंक खाते खोलने जैसे लक्ष्य शामिल हो सकते हैं।
इन 15 करोड़ बैंक खातों में 12 करोड़ खाते ग्रामीण क्षेत्रों में खोले जाएंगे। चार साल के भीतर इन बैंक खातों को खोला जाना है।