बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने साफ किया है कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी। पीएम का प्रत्याशी ऐसा हो जिसकी छवि धर्मनिरपेक्ष हो।
पार्टी कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा, ''यह देश आपसी प्रेम और सद्भाव से चलेगा। हर किसी को एक दूसरे की इज्जत करनी पड़ेगी। इसमें कभी टोपी भी पहननी पड़ेगी और कभी टीका भी लगाना पड़ेगा।''
नीतीश ने कहा कि पीएम पद के उम्मीदवार की सोच भाजपा के वरिष्ठ नेता अटल विहारी वाजपेयी जैसी होनी चाहिए। अटलजी ने हमेशा राजधर्म की सलाह दी थी और हमें उसका पालन करना चाहिए।
बिहार के विकास का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि शून्य से की गई यात्रा अब एक मुकाम तक पहुंच गई है। हम अपने साथियों के साथ मिलकर बिहार के विकास की गाड़ी को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रदेश में भाजपा के साथ साझा सरकार है और यह सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।