पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के तार मेरठ से जुड़ गए हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को एनआईए की टीम एक आतंकी को साथ लेकर मेरठ पहुंची।
यहां पुलिस फोर्स को लेकर शहर में दो जगहों पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, एनआईए की टीम जिस आतंकी को लेकर आई थी, वह यहां एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर चुका है।
एनआईए के एक अफसर सोमवार दोपहर दो बजे अपनी टीम के साथ परतापुर थाने पहुंचे। उनके साथ एक आतंकी भी था। बताया गया कि उसे ओडिशा से गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए के डीआईजी प्रशांत कुमार ने डीआईजी रेंज आशुतोष कुमार से फोन पर बातचीत की और उन्हें मेरठ में छापेमारी करने की जानकारी दी।