उत्तर प्रदेश में डीएसपी जिया उल हक की हत्या किए जाने के मुद्दे पर मंगलवार को संसद में जमकर हंगामा हुआ। संसद के दोनों सदनों में पंजाब में पुलिसकर्मियों द्वारा एक लड़की की कथित तौर पर पिटाई किए जाने और श्रीलंका में तमिलों की स्थिति को भी लेकर शोर-शराबा हुआ।
यूपी के प्रतापगढ़ में डीएसपी की हत्या के मामले पर लोकसभा और राज्यसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसदों ने जमकर हंगामा किया। दोनों दलों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। गौरतलब है कि प्रतापगढ़ के कुंडा में डीएसपी जिया उल हक की हत्या के मामले में कैबिनेट मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का नाम सामने आने के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा है।
राज्यसभा में जनता दल (यू) और समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने महाराष्ट्र में एमएनएस के छात्रों द्वारा एक उत्तर भारतीय की पिटाई किए जाने की घटना पर भी रोष जाहिर किया। अन्नाद्रमुक और द्रमुक के सांसद श्रीलंका में तमिलों की स्थिति को लेकर अध्यक्ष के आसन के निकट आकर नारेबाजी करने लगे।
वहीं, लोकसभा में कांग्रेस के सांसद पंजाब में पुलिस द्वारा कथित रूप से एक बाप-बेटी को पीटे जाने का मुद्दा उठाते हुए आसन के सामने आ गए। अध्यक्ष ने प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया, लेकिन सदस्यों का हंगामा जारी रहा। स्थिति शांत न होते देख लोकसभा को पहले दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित किया गया और उसके बाद कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।