'हमने घोटाले किए क्योंकि हमें पप्पू के ब्रेन ट्रांसप्लांट के लिए पैसों की जरूरत है। आप हमें दान देकर हमारे तरीकों को सुधार सकते हैं।' ऐसी अपील की जा रही है पप्पूपीडिया.कॉम पर।
यहां देश की एक जानीमानी नेता से मिलतीजुलती महिला का कैरीकेचर पप्पू के लिए लोगों से डोनेशन मांग रहा है।
वर्चुअल वर्ल्ड पर 'पप्पू' और 'फेंकू' की लड़ाई का घमसान मचा हुआ है और अब इस कड़ी में सामने आई है पप्पूपीडिया नाम से एक नई वेबसाइट।
पप्पूपीडिया.कॉम राहुल गांधी पर व्यंग्य करती है और विकिपीडिया की तर्ज पर बनाई गई है। इसमें राहुल गांधी का नाम लिए बिना उनसे जुड़ी जानकारियां दी गई हैं। पप्पू के बहाने उन्हें त्रासदी, बेवकूफ, विदेशी सबकुछ कहा गया है।
पूरी वेबसाइट में पप्पू शब्द ही लिखा गया है लेकिन राहुल गांधी के बयान, वीडियो, उनकी आवाज का भी इस्तेमाल हुआ है। इसमें राहुल गांधी के जन्म से लेकर, उनकी शिक्षा और बयान निशाने पर हैं।
एक महिला मांग रही चंदा
वेबसाइट की शुरूआत होती है पेज में सबसे ऊपर लगे बैनर में मांगे जा रहे डोनेशन से। विकीपीडिया के संस्थापाक के डोनेशन के विज्ञापन की तरह इस वेबसाइट पर एक विज्ञापन दिया गया है।
इसमें एक दुखी महिला लोगों से डोनेशन देने की अपील कर रही हैं और लिखा गया है, 'पप्पूपीडिया संस्थापकों की ओर से एक व्यक्तिगत अपील: हमने घोटाले किए क्योंकि हमें पप्पू के ब्रेन ट्रांसप्लांट के लिए पैसों की जरूरत है। आप हमें दान करके हमारे तरीकों को सुधार सकते हैं।' इस पर क्लिक करने पर एक कार्टून खुलता है, जिसमें नोटों और सोने के सिक्कों के ढेर पर पप्पू बैठे नजर आते हैं, जो कह रहे हैं 10 साल में हमने बहुत कमा लिया है, यानी की आपके फंड की जरूरत नहीं।
पप्पू को बताया बड़ी गलती
इसके बाद पप्पू का परिचय देते हुए 19 जून 1970 (राहुल के जन्म) को एक बड़ा दुर्भाग्य और बोफोर्स घोटाले, सिख दंगे से भी बड़ी गलती बताया गया है।
इसके बाद राहुल के परिवार का इतिहास और पढ़ाई लिखाई की जानकारी दी गई है। साथ ही राहुल गांधी को राउल और प्रियंका गांधी को बियांका भी लिखा गया है। इसके बाद वेबसाइट राहुल गांधी की एमफिल डिग्री पर हुए विवाद का भी जिक्र है।
पप्पू ज्ञान
पप्पू ज्ञान में राहुल गांधी के विवादित बयानों की सूची दी गई है। इसमें 'गरीबी एक मानसिक स्थिति है', 'गुजरात ब्रिटेन से बड़ा है', 'हर आतंकी हमले को रोकना मुश्किल है', 'हिंदूस्तान एक सोच है, हिंदूस्तान एक जगह है... मगर हिंदूस्तान एक सोच है' जैसे कई बयान लिखे हैं।
राहुल गांधी के बयानों के अलावा उन पर की गई टिपण्णियों की सूची भी है। राम जेठमलानी, सुब्रह्मयणम स्वामी और वी एस अच्युतानंदन के टिप्पणियों को शामिल किया गया है।
'पप्पू को बताना चाहिए कि पिछले छह साल में उसने कितनी किताबें पढ़ीं', 'उसकी पढ़ाई-लिखाई क्या है, अनुभव क्या है, वो आदमी कुछ नहीं जानता', 'पप्पू बेवकूफ और नशेड़ी है', 'पप्पू अमूल बेबी है', 'पप्पू की एकमात्र उपलब्धि उसकी कोलंबियन गर्ललफ्रेंड है' जैसे कमेंट पप्पू का मजाक उड़ा रहे हैं।
'यो पप्पू सो डम्ब'
'यो पप्पू सो डम्ब' नाम से कुछ कमेंट हैं जिसमें पप्पू की बेवकूफी के किस्से गढ़े गए हैं। इनमें से कुछ हैं-
'आप पप्पू को हर रोज व्यस्त कैसे रख सकते हैं, खाली पन्नों पर दोनों तरफ पीटीओ लिखकर दे दीजिए'।
'वह एक फुटा लेकर सोता है ताकि नाप सके कि वह कितना लंबा सोया'।
'वह अपने साथ 18 दोस्तों को फिल्म दिखाने ले गया क्योंकि पोस्टर पर लिखा 'अब्व 18 ऑनली'।
'वह कांग्रेस कमेटी की मीटिंग में हॉर्स-ट्रेडिंग की चर्चा के दौरान सचमुच का घोड़ा ले आया'।
इसके अलावा वेबसाइट पर राहुल गांधी के बयानों और उन पर टिप्पणियों के वीडियो डाले गए हैं। कुछ कार्टून्स जैसे क्या पप्पू पांचवी पास से तेज है, भी वेबसाट पर हैं।