पाकिस्तान ने भारत को एक बार फिर अपने परमाणु हथियारों की धमकी दी है। परमाणु हथियारों में बढ़ोतरी को सही ठहराते हुए पाक ने मंगलवार को कहा है कि भारत की ओर से संभावित हमले को देखते हुए उसने ये सामरिक परमाणु हथियार बनाए हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ अमेरिकी दौरे पर गए विदेश सचिव एजाज चौधरी ने कहा है कि हमने भारत को जवाब देने के लिए छोटे-छोटे परमाणु हथियार बना लिए हैं।
22 अक्तूबर को शरीफ की अमेरिकी राष्ट्रपति से बराक ओबामा से होने वाली मुलाकात से पहले मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान चौधरी ने कहा, ‘भारत के कोल्ड-स्टार्ट डॉक्ट्रिन और हमले के खतरे से निपटने के लिए हमने छोटे परमाणु हथियार विकसित किए हैं।
इससे पहले भी पाक के सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ और सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ समेत पाक के कई नेता भारत को उकसाने वाले बयान देते रहे हैं।
पाक के अखबार डॉन के मुताबिक, चौधरी ने कहा कि पाक छोटे-छोटे परमाणु हथियार विकसित कर रहा है ताकि युद्ध जैसे मुश्किल हालातों में फौरन जवाब दिया सके।
उन्होंने कहा कि हमारे परमाणु कार्यक्रम एक आयामी है, जो भारतीय आक्रामकता के जवाब में है। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी छावनियां पहले से ही पाक सीमा के पास बना ली हैं। भारत ने पाक सीमा के पास पर्याप्त मात्रा में हथियार, वाहन और रसद जुटा रखा है।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पाक की यह कोशिश युद्ध शुरू करने के लिए नहीं है। एजाज ने कहा कि पाकिस्तान भारत की सक्रिय रणनीति का मुकाबला करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पाक फिलहाल अमेरिका के साथ कोई परमाणु समझौता नहीं करने जा रहा है।