जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की सीमा पर सिर कलम कर बेरहमी से शहीद किए गए हेमराज की यू ट्यूब पर डाली गई वीडियो पर अब केंद्र सरकार भी गंभीर हो गई है। भाजपा और दूसरी पार्टियों की ओर से इस वीडियो की घोर निंदा किए जाने के बाद सरकार भी चेत गई है।
सूचना प्रसारण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनीष तिवारी ने हेमराज के सिर काटने के बाद जश्न मनाने वाले वीडियो को यू ट्यूब पर डाले जाने की निंदा करते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर बात है।
वह इस मामले को रक्षा मंत्रालय के संज्ञान में लेकर आएंगे। साथ ही रक्षा मंत्रालय इस मामले की जांच पड़ताल कर वीडियो की हकीकत का पता लगाएगा।
हेमराज का भारत-पाक सीमा पर घुसपैठ कर पाकिस्तानी सैनिकों ने सिर कलम कर दिया था। उनके धड़ का हिस्सा तो मिल गया था लेकिन सिर आज तक नहीं मिला है। इस प्रकरण संबंधी वीडियो यू ट्यूब पर डाली गई है।
पाकिस्तान की घिनौनी करतूत
माना जा रहा है कि यह घिनौनी करतूत भी पाकिस्तान की ओर से अंजाम दी गई है। जिसे विपक्षी पार्टियों ने मुद्दा बनाकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
मनीष तिवारी का कहना है कि मामले की जांच कराकर यह पता लगाया जाएगा कि यह वीडियो यू ट्यूब पर कहां से डाली गई है।
अगर यह काम पाकिस्तान की ओर से हुआ है तो इसके खिलाफ केंद्र सरकार की ओर से आधिकारिक विरोध दर्ज कराया जाएगा। वह इस बारे में तत्काल रक्षा मंत्रालय से बात करेंगे।
'हां, यह उनका ही सिर है...'
शहीद हेमराज की पत्नी धर्मवती आज उसी शेरनगर में थीं जहां वह एक बरस पहले इसी दिन टूट गईं थी। 9 जनवरी, 2013 को पति की शहादत की खबर आई थी और ठीक एक साल बाद जब उनका वीडियो सामने आया तो उनका दर्द और गहरा गया। उन्होंने कहा कि यह टॉर्च उनके पति का ही है जो दिखाया जा रहा है।
वीडियो की तस्दीक करतीं धर्मवती कहती हैं कि सरकार कुछ नहीं कर रही है इसलिए पाकिस्तान की बर्बरता रुक नहीं रही। शेरनगर में ‘अमर उजाला’ से विशेष बातचीत में धर्मवती ने कहा कि उनके पति हेमराज यही टॉर्च रखते थे। साथ में दिखाई जा रही नेवला छाप तंबाकू भी उनके पति खाते थे।
शहादत के ठीक एक बरस बाद इस वीडियो को धर्मवती बृहस्पतिवार अपराह्न तीन बजे से ही लगातार देखती रहीं। पूरा परिवार उनके साथ था। धर्मवती रोती हुईं बोलीं कि उनके शहीद पति के सिर को भारत लाने को लेकर जो लापरवाही हुई है उसके लिए सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है।
उन्होंने यहां तक कह डाला कि हमारा बेटा प्रिंस इस वीडियो को देखकर बहुत दुखी है। सबको बहुत दुख है लेकिन हम क्या कर सकते हैं। धर्मवती मथुरा ही रहती हैं लेकिन बृहस्पतिवार को वहा ससुराल शेरनगर में थीं। शहीद हेमराज प्रकरण में सरकार के रवैये पर आक्रोश जताती हुईं धर्मवती कहती हैं कि हमें और हमारे बच्चों को बहुत दुख है लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है।
भाजपा ने सरकार को घेरा
भाजपा ने सेना के शहीद जवान हेमराज को लेकर पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने केंद्र सरकार से भी जानना चाहा है कि शहीद हेमराज की हत्या को लेकर वीडियो सामने आने के बाद वह इस मामले में क्या कार्रवाई करेगी।
भाजपा ने कहा कि कश्मीर में सीमा पर पिछले साल पाकिस्तानी सेना की क्रूरता के शिकार हुए शहीद जवान हेमराज को लेकर एक वीडियो क्लिप सामने आई है। पाकिस्तानी सेना हेमराज की हत्या करने के बाद उनका सिर काट कर ले गई थी।
सच्चाई का पता लगना जरूरी
एक वीडियो में पाकिस्तानी सैनिकों को शहीद जवान का सिर लेकर घूमते हुए दिखाया गया है। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि सरकार को पहले तो इस वीडियो की सत्यता का पता लगाना चाहिए।
यदि यह सही है तो सरकार को यह भी बताना चाहिए कि इस मामले में वह क्या कार्रवाई करेगी। उन्होंने पाकिस्तान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उसकी सेना की यह कार्रवाई मानवता के खिलाफ है।