गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पदम विभूषण दो बड़ी सियासी हस्तियों लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को देने की घोषणा की गई है।
विज्ञापन
इसी के साथ हिन्दी सिनेगा के ट्रेजेडी किंग दिलीप कुमार और यंग्री यंग मैन सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को भी पदम विभूषण से सम्मानित किया गया है। पदम पुरस्कारों का ऐलान करते हुए सरकार ने पूरी तरह से अपनी सियासी जमीन को पुख्ता किया है। पद्म पुरस्कारों में 17 महिलाएं और 17 विदेशी हैं जिनमें बिल और मिलिंडा गेटस भी शामिल हैं।
सरकार ने सम्मानों के ऐलान में सियासत साधने के साथ-साथ अपने भगवा एजेंडे का भी ख्याल रखा है। यूपी के लिए भाजपा के मिशन 2017 के मद्देनजर सम्मानों में उत्तरप्रदेश पर सरकार की विशेष कृपा हुई है। सम्मानों की सूची में सरकार की नजर ऐसे चेहरों पर ज्यादा रही है जो कि किसी न किसी तरह भगवा परिवार से जुडे रहे हैं।
विज्ञापन
सम्मानों में अमेरिकी के साथ प्रगाढ़ हो रहे भारत के रिश्तों की भी छाप है। वहीं भारत समेत दुनिया में सामाजिक कार्यों के लिए मिसाल कायम करने वाले माइक्रोसाफ्ट के मालिक बिल गेटस एवं उनकी पत्नी मिलिंडा गेटस को भी पदम भूषण प्रदान किया गया है। जापान की सैचिरो मिसूमी को भी पदम भूषण देने का फैसला हुआ है।
सरकार की निष्पक्षता पर सवाल
सर्वोच्च नागरिक सम्मान में कुछ ऐसे नाम हैं जिनको लेकर विपक्ष की ओर से सरकार पर हमले हो सकते हैं। अब तक कांग्रेस पर चहेतों को सम्मान देने का आरोप लगाने वाली भाजपा ने भी अपने से जुडे लोगों को ही सम्मान से नवाजा है। जिससे आने वाले दिनों में सरकार की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो सकते हैं। वरिष्ठ नागरिक सम्मानों की सूची जारी करते हुए गृह मंत्रालय ने 9 लोगों को पदम विभूषण, 20 लोगों को पदम भूषण और 75 लोगों को पदम श्री सम्मान से नवाजने का ऐलान किया है।
नौ लोगों को दिए गए पदम विभूषण सम्मान की श्रेणी में पहला नाम भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का है। आडवाणी को सार्वजनिक मामलों की श्रेणी में यह सम्मान दिया गया है। अमिताभ बच्चन को कला के क्षेत्र में यह सम्मान दिया गया है।
पंजाब में अकाली दल से गठबंधन को बचाए रखने और दिल्ली विधानसभा चुनाव में सिख मतदाताओं की अहमियत को देखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को भी पदम विभूषण सम्मान दिया जा रहा है। तो भगवा एजेंडे को साधने के प्रयास में अन्य क्षेत्र की श्रेणी में उत्तरप्रदेश के जगदगुरू रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य को पदम विभूषण से सम्मानित किया गया है।
भाजपा और संघ के करीबी चेहरों की भरमार
अभिनेता मोहम्मद युसूफ खान उर्फ दिलीप कुमार को पद्म विभूषण से नवाजा गया है। विदेशों और अनिवासी भारतीयों के बीच सरकार की छवि को उम्दा बनाने के लिए इंग्लैंड और फ्रांस के करीम अली हुसैनी अगा खां को व्यापार एवं उद्योग की श्रेणी में पदम विभूषण देने का ऐलान किया है।
पदम भूषण की श्रेणी में भगवा परिवार के विचारक कहे जाने वाले वरिष्ठ पत्रकार स्वपन दास गुप्ता और पत्रकार रजत शर्मा को शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में सम्मान दिया है। उत्तर प्रदेश के सत्यमित्रा नंद गिरी को भी पदम भूषण दिया गया है। पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एन गोपालस्वामी, संविधान विशेषज्ञ सुभाष कश्यप, हरीश साल्वे, अशोक सेठ को पदम भूषण सम्मान दिया गया है।
पदम श्री सम्मान पाने वालों में भी भाजपा और संघ के करीबी चेहरों की भरमार है। प्रमुख चेहरों में फिल्म निदेशक संजय लीला भंसाली, अर्थशास्त्री विवेक देबराय, गीतकार प्रसुन्न जोशी, संगीतकार रविंद्र जैन, पत्रकार राम बहादुर राय, शिक्षाविद जे एस राजपुत, ब्रह्म देव शर्मा, अरूणिमा सिंहा सरीखे नाम हैं।
पद्म विभूषण पाने वाले
लालकृष्ण आडवाणी (जनसरोकार) अमिताभ बच्चन (कला) प्रकाश सिंह बादल (जनसरोकार) डी. वीरेंद्र हेगड़े/समाजसेवा दिलीप कुमार/कला जगतगुरु रामानंद आचार्य स्वामी रामभद्राचार्य/अन्य मल्लूर रामास्वामी श्रीनिवासन/विज्ञान और अभियांत्रिकी कोट्र्टयन के वेणुगोपाल (जनसरोकार) करीम अल हुसैनी आगा खान/व्यापार एवं उद्योग
पद्म भूषण पाने वाले
जाहनू बरुआ/कला डॉ. विजय भटकर/विज्ञान और अभियांत्रिकी स्वपनदास गुप्ता/साहित्य और शिक्षा स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी/अन्य एन. गोपाल स्वामी/प्रशासनिक सेवा सुभाष सी कश्यप(जनसरोकार) डॉ. (पंडित) गोकुलोत्सव जी महाराज/कला डॉ. अंबरीश मित्तल/स्वास्थ्य सुधा रघुनाथन/कला हरीश साल्वे(जनसरोकार) डॉ. अशोक सेठ/स्वास्थ्य रजत शर्मा/साहित्य एवं शिक्षा सतपाल/खेल शिव कुमार स्वामी/अन्य खड़क सिंह वाल्दीय/विज्ञान एवं अभियांत्रिकी प्रो. मंजुल भार्गव (अनिवासी भारतीय)/विज्ञान एवं अभियांत्रिकी डेविड फ्राउले (वामदेव) (विदेशी)/अन्य बिल गेट्स (विदेशी)/ समाजसेवा मेलिंडा गेट्स (विदेशी)/समाजसेवा साइचिरो मिशूमी (विदेशी)/अन्य