राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने बुधवार को अपने नेता शरद पवार के प्रधानमंत्री बनने के सभी विकल्प खुले होने के संकेत दिए हैं। पार्टी का कहना है कि फिलहाल यह सब उस समय की परिस्थितियों पर निर्भर है।
पार्टी प्रवक्ता डीपी त्रिपाठी ने कहा, ‘कांग्रेस की अगुवाई एक ऐसा नेता करता है, जिसे पार्टी ने अभी तक अपना प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। इसमें विरोधाभास नजर आता है।’
राहुल को पीएम पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर पवार के रुख के बारे में पूछने पर त्रिपाठी ने कहा कि कोई अगर-मगर नहीं होता। पहले उन्हें ऐसा करने तो दें, फिर हम अपनी राय देंगे।
हालांकि, उन्होंने कहा कि अपना नेता चुनना कांग्रेस का काम है।
पवार की पीएम पद की उम्मीदवारी पर त्रिपाठी ने कहा कि हम राष्ट्रीय पार्टी हैं, मगर हम अपनी सीमाओं के बारे में जानते हैं।
हम छोटी पार्टी भले ही हैं, मगर हमारे पास बहुत बड़ा नेता है। संसदीय लोकतंत्र में नंबरों का खेल होता है। यह बहुत कुछ परिस्थितियों पर निर्भर है, इसीलिए सभी विकल्प हमेशा खुले रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की अगुवाई वाले यूपीए गठबंधन में एनसीपी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। फिलहाल, पवार ने अभी राज्यसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वह 24 जनवरी को मुंबई से पर्चा दाखिल करेंगे।