प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रवार को अचानक पाकिस्तान जाना कांग्रेस को रास नहीं आया है। पार्टी ने पहले इस कदम को सुर्खियों में बने रहने का हथकंडा बताया था तो रविवार को कहा कि पीएम मोदी को नोबेल पुरस्कार के मच्छर ने काट लिया है।
पार्टी ने पीएम मोदी से अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ के साथ हुई बातचीत की जानकारी देश को देने की मांग की। पार्टी ने पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर भी निशाना साधा और कहा कि उनका यह कार्यक्रम प्रसार भारती एक्ट का दुरुपयोग है। पार्टी ने इस कार्यक्रम के जरिए पीएम मोदी पर महत्वहीन बातें करने का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने पीएम मोदी के अचानक पाकिस्तान दौरे पर ताना मारा। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से कहा कि नवाज को तो नोबेल पुरस्कार के मच्छर ने पहले ही काटा हुआ है, अब ऐसा लगता है कि मोदी को भी इस मच्छर ने काट लिया है।