प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नक्शेकदम पर चलते हुए संघ का प्रयास बडे-बडे आयोजनों के जरिए देश के भगवामय माहौल को भुनाने का है। संघ का यह प्रयास जनमानस में अपना आधार बढ़ाकर संगठन को व्यापक बनाने के लिए है।
शुक्रवार को अहमदाबाद में शुरू हुए तीन दिवसीय आयोजन के अलावा संघ की ओर से महाराष्ट्र के औरंगाबाद और उत्तर प्रदेश के कानपुर में आयोजन की तैयारी पूरी हो गई हैं। अहमदाबाद की तर्ज पर ही 15 से 17 फरवरी तक कानपुर में संघ का बड़ा आयोजन तय है। इसके लिए संघ ने अपने सभी कार्यकर्ताओं को सूचना भेजनी शुरू कर दी है। इससे पहले आगरा और हरिद्वार में संघ के बड़े कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं।
हालांकि संघ अपने इस आयोजनों को पूरी तरह से आधार बढ़ाने का प्रयास बता रहा है, लेकिन अपना आधार बनाकर वह केंद्र की सियासत पर अपना दबदबा बरकरार रखना चाहता है। इसलिए संघ ने मोदी के गढ़ माने-जाने वाले गुजरात के अहमदाबाद में भी बड़ा आयोजन रखा है।