अब तक गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के कुर्ते, साड़ी, टैटू, स्मार्टफोन ही बाजार में आ रहे थे लेकिन अब एक पूरा नमो स्टोर ही खुलने वाला है।
पश्चिम अहमदाबाद के वस्त्रापुर इलाके में एक नमो स्टोर खुलने जा रहा है। इसमें नमो लिखा सामान बेचा जाएगा।
नमो स्टोर को 18 और शहरों में भी खोलने की योजना है। इस स्टोर में नमो ब्रांड के कपड़े बेचे जाएंगे। साथ ही किताबें और अन्य तरह का सामान भी होगा।
यहां बड़ों के अलावा बच्चों को रिझाने के लिए भी नमो लॉयन नाम से खिलौने भी रखे जाएंगे।
स्टोर खोलने वाले इस समूह ने अहमदाबाद के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन के 12 ग्रेजुएट्स को स्टोर डिजाइन करने का काम सौंपा है।
मोदी के परिवार से करीबी रखने वाले एक प्रमोटर का कहना है कि इस स्टोर का मिलने वाला लाभ मोदी की तरफ से बालिकाओं के लिए चलाए गए बेटी बचाओ और इसी तरह के अन्य कार्यक्रमों में दिया जाएगा।
बिहार भेजे जाएंगे नमो कुर्ते
नरेंद्र मोदी की बिहार में 'हुंकार रैली' में भी नमो कुर्ते और साड़ी पहुंचाने की तैयार की जा रही है। नमो मंत्र लिखे और कमल का फूल बने हुए 30,000 कुर्ते और साड़ी बिहार भेजे जाएंगे।
इन कुर्तों और साड़ी को सूरत में बनवाया जा रहा है और इसके लिए ऑर्डर भी दिया जा चुका है। ये कुर्ते मुस्लिम पहनावे कफनी जैसे दिखते हैं। इनकी पूरी बाजू और कॉलर होगी। कॉलर और सीने पर दाईं तरफ नमो मंत्रा लिखा होगा। नमो देवनागरी में और मंत्रा अग्रेंजी में।
अपनाए प्रचार के कई तरीके
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी अपने प्रचार के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इसी कड़ी में नमो गेम्स से लेकर पहनने व खाने-पीने तक की वस्तुएं बाजार में निकाली गई हैं। ओबामा के राजनीतिक अभियान की तरह मोदी भी सामान के जरिए अपनी ब्रांडिग कर रहे हैं।
इससे पहले जामनगर के एक हलवाई ने 'नमो पेंदास' नाम से मिठाई बनाई, जिसमें नरेंद्र मोदी की तस्वीर उकेरी गई थी। पटना रैली से पहले यहां कुछ 'नमो टी स्टॉल' भी बनाए गए हैं ताकि बिहार में भी मोदी जगह बना सकें।