फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिका के जरिए पाकिस्तान को घेरेगा भारत

विज्ञापन
विज्ञापन
राष्ट्रपति बराक ओबामा की दूसरी भारत यात्रा में मोदी सरकार को अमेरिका के जरिए से पाकिस्तान पर नकेल कसने में मदद मिलने और ‘मेक इन इंडिया’ के साथ-साथ स्मार्ट सिटी योजना में भारी निवेश आने की उम्मीद है।
विज्ञापन


अमेरिका इस दौरान परमाणु जवाबदेही कानून में बदलाव की उम्मीद पाले हुए है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि 25 जनवरी को होने वाली शिखर वार्ता में दोनों देश सभी द्विपक्षीय मसलों पर बातचीत करेंगे।

तीन दिवसीय भारत यात्रा के दौरान ओबामा महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जाने के अलावा पत्नी मिशेल ओबामा के साथ ताजमहल का दीदार करेंगे। शिखर वार्ता के दौरान जहां पीएम नरेंद्र मोदी ओबामा के सम्मान में दोपहर का भोज देंगे, वहीं राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी इसी दिन रात्रिभोज देंगे।
विज्ञापन


गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में भारत आने वाले ओबामा परेड में शिरकत करने के साथ ही राष्ट्रपति मुखर्जी के ‘एट होम’ कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि तीन दिवसीय यात्रा के दौरान करीब आधा दर्जन कार्यक्रमों में ओबामा और मोदी साथ-साथ होंगे।

इनमें दोनों हस्तियों का संयुक्त रूप से सीईओ सम्मेलन को संबोधन के अलावा 27 जनवरी को आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम भी शामिल है। उल्लेखनीय है कि बतौर राष्ट्रपति भारत की दूसरी यात्रा के दौरान भी ओबामा अपनी बेटियों मालिया और साशा को साथ नहीं लाएंगे।
विज्ञापन

पाकिस्तान को खरी-खरी सुनाने से खुश है भारत

ओबामा की भारत यात्रा से पहले आतंकवाद पर पाकिस्तान को खरी-खरी सुनाए जाने से उत्साहित भारत इस मुद्दे को जोरशोर से उठाने के मूड में है। उल्लेखनीय है कि बीते दो हफ्ते के दौरान अमेरिका सहित पश्चिमी देशों ने आतंकवाद के मामले में पाकिस्तान को कई बार आगाह किया है।

अमेरिका ने जहां ओबामा की यात्रा के दौरान आतंकी हमला होने पर पाकिस्तान को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है, वहीं दो दिन पूर्व अमेरिका और ब्रिटेन ने पाकिस्तान को मुंबई हमले में शामिल आतंकी जकीउर रहमान लखवी को भारत का सौंपने की सलाह दी है।

बृहस्पतिवार को पाकिस्तान का आतंकी संगठन जमात उल दावा पर प्रतिबंध इसी दबाव का परिणाम माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि शिखर वार्ता के दौरान आतंकवाद के बहाने भारत अमेरिका पर आतंकी हाफिज सईद और दाउद इब्राहिम को सौंपने के लिए पाकिस्तान पर दबाव डालने की मांग करेगा।

उधर, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि ओबामा अपनी पत्नी के साथ 25 जनवरी को पूर्वाहन 10 बजे भारत पहुंचेंगे। इसी दिन ओबामा के राजघाट जाने, मोदी के साथ सीईओ सम्मेलन को संबोधित करने और शिखर वार्ता में शिरकत करने का कार्यक्रम है।

प्रवक्ता के मुताबिक गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी को ओबामा बतौर मुख्य अतिथि राजपथ पर होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेने के अलावा राष्ट्रपति के ‘एट होम’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। सोमवार को ओबामा मोदी के साथ मन की बात कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद ताजमहल का दीदार करने आगरा जाएंगे। प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान ग्रीन एनर्जी, अंतरिक्ष, साइबर सुरक्षा, आतंकवाद, मेक इन इंडिया अभियान पर चर्चा होगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें