जिन दिनों फाइंडिंग फैनी रिलीज हुई थी, उन्हीं दिनों दीपिका पादुकोण 'क्लीवेज शो' के लिए मीडिया को लताड़कर सुर्खियों में आ गई थीं। दीपिका का कमेंट बॉक्स ऑफिस पर फाइडिंग फैनी को सुपरहिट तो नहीं करा पाया, लेकिन चर्चा में जरूर ला दिया।
8 मई को दीपिका की फिल्म पीकू रिलीज हो रही है। रिलीज से ठीक पहले उनका "माई च्वाइस" वीडियो चर्चा में है। वीडियो में दीपिका की कही बातों की खूब तारीफ हो रही है। उन्होंने कुछ ऐसी बातें भी कही हैं, जिससे उनकी आलोचना हो रही है। हालांकि कयास यह भी लगाया जा रहा है कि दीपिका के बयान स्त्री सशक्तिकरण के मुलम्मे में पब्लिसिटी का हथकंडा भर है।
माना जा रहा है कि अभिनेताओं की तरह फिल्मों के रिलीज से ठीक पहले अभिनेत्रियां भी फिल्म प्रमोशन के लिए तरह तरह के प्रयोग करने लगी हैं। उन्हें विवाद भी खड़ा करना पड़े तो वे पीछे नहीं रहतीं।
सितंबर 2014 में फिल्म फाइंडिंग फैनी के दौरान एक अंग्रेजी वेबसाइट ने दीपिका के क्लीवेज पर एक स्टोरी की थी, जिस पर वह भड़क गई थीं और उसके जवाब में ट्विटर पर लिखा था, "हां, मैं एक औरत हूं। मेरे पास स्तन हैं, क्लीवेज है। आपको कोई समस्या है इस बात से?"
वहीं अब फिल्म पीकू से ठीक पहले दीपिका पादुकोण का माई च्वाइस वीडियो महिलाओं के सशक्तिकरण पर बात कर रहा है। हालांकि इस वीडियो के समानान्तर माई च्वाइस का मेल वर्जन भी अब लोगों के सामने आ चुका है।