अगर आधार कार्ड नहीं बना तो बनवा लीजिए। बिना आधार कार्ड के अब गाड़ी चलने वाली नहीं है। सब्सिडी के लिए गैस उपभोक्ताओं के पास तो आधार कार्ड होना ही चाहिए, बैंक में खाता खुलवाने के लिए भी इसे अनिवार्य किया जा रहा है।
नए वित्तीय वर्ष से उन्हीं लोगों के खाते खोले जाएंगे, जिनके पास आधार कार्ड होंगे। पुराने खाताधारकों को भी आधार कार्ड दिखाना होगा। बैंकिंग सेक्टर से जुड़े लोगों के मुताबिक आधार कार्ड मिलने के बाद एक से ज्यादा बैंकों में खाता खुलवाने वालों का पूरा डेटा सामने आ जाएगा।
मुरादाबाद जिले में ऐसे लोगों की बड़ी संख्या है, जिन्होंने एक से ज्यादा बैंकों में खाते खुलवा रखे हैं। कई मामलों में वे इसकी जानकारी दूसरे संबंधित बैंक को नहीं देते। इसका फायदा उठाते हुए लोग एक साथ दो बैंकों से लोन लेते और बाद में इसकी रकम हजम कर जाते हैं।
जनधन योजना के तहत भी बहुत से लोगों ने एक से ज्यादा बैंकों में खाते खुलवा लिए हैं। बैंक अधिकारियों के मुताबिक नए वित्तीय वर्ष से खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य करने की तैयारी है। जिनके पास आधार कार्ड नहीं होंगे, उनके खाते नहीं खोले जाएंगे।
यही नहीं, पुराने खाताधारकों को भी आधार कार्ड का कोड बताना होगा। सिंडीकेट बैंक के अधिकारियों के मुताबिक कोड नंबर डालते ही खाताधारकों की पूरी हिस्ट्री सामने आ जाएगी। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लोग सरकारी योजनाओं का गलत इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
जनधन योजना के तहत भी जिन लोगों ने एक से ज्यादा बैंकों में खाता खुलवा लिए हैं, उनका डेटा भी सामने आ जाएगा। एक खाते को छोड़ दूसरे सभी बैंकों में खुलवाए गए खातों को बंद कर दिया जाएगा।