बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास 7 रेस कोर्स रोड पर मुलाकात की। नीतीश ने प्रधानमंत्री के साथ बिहार के विकास से जुडे़ तमाम मुद्दों पर बातचीत की।
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी से नीतीश की यह पहली औपचारिक मुलाकात है। हालांकि इसके पहले भी लालू की बेटी की शादी के दौरान ये दोनों एक दूसरे के सामने आए थे।
लालू की बेटी और मुलायम के भतीजे की शादी के दौरान नीतीश अपनी पार्टी के नेता के सी त्यागी के साथ खड़े थे। इसी दौरान मोदी ने मुलायम सिंह यादव के साथ समारोह स्थल में प्रवेश किया। नीतीश पर नजर पड़ते ही मोदी ने उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनने की बधाई भी दी थी।
गौरतलब है कि भाजपा द्वारा नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाए जाने के बाद ही नीतीश ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। उन्होंने भाजपा के इस फैसले पर नाराजगी भी जताई थी।