बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने लिखा कि बिहार में मैट्रिक की परीक्षा में नकल की जो तसवीरें सामने आई हैं मैं उनके प्रत्येक पहलू के विरूद्ध हूं। एक, इन तस्वीरों में पूरे बिहार की कहानी नहीं है। बिहार के छात्र मेधावी हैं, और देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा से अपनी जगह बनाते रहे हैं। नकल की कुछ तस्वीरें बिहार की प्रतिभा पर हावी नहीं हो सकतीं।
नीतिश कुमार ने फेसबुक पर शेयर की अपने पत्र में लिखा है कि प्रशासन अपने स्तर पर सचेत है और गड़बड़ी की खबर मिलते ही सरकार ने इस प्रक्रिया से जुड़ी प्रत्येक एजेंसी से पूरी सतर्कता और जवाबदेही से काम करने को कहा है। बिहार प्रशासन के काम की छवि महज़ इन तस्वीरों से नहीं बल्कि पूरी प्रक्रिया को सुचारू ढंग से लागू करने के आधार पर आंकी जानी चाहिए।
नीतिश कुमार ने बिहार की जनता को भी झकझोरने का काम किया है। उन्होंने बिहार के लोगों से कहा है कि नकल में सहयोग देने वाले अभिभावकों, संबंधियों और मित्रों से कहूंगा कि अपनी गलत सोच से आप छात्र का और बिहार का नुकसान कर रहे हैं | नकल से मिले इस सर्टिफिकेट का असल जीवन में उपयोग नहीं होगा और इस तरह से उत्तीर्ण छात्र का मनोबल सदैव के लिए कमजोर रहेगा।