पश्चिम बंगाल के माल्दा कॉलेज एंड हॉस्पिटल में अज्ञात बीमारी से अब तक नौ बच्चों की मौत हो चुकी है। अज्ञात बीमारी से शनिवार को इस अस्पताल में एक और बच्चे की मौत हो गई। पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, "20 और बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।"
इससे पहले माल्दा कॉलेज एंड हॉस्पिटल के वाइस प्रिंसिपल एमए राशिद ने बताया, "इन बच्चों की उम्र 1 से 6 साल के बीच है। इन्हें तेज बुखार, उल्टी और अकड़न के चलते बृहस्पतिवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले दिनों इनमें से आठ बच्चों की मौत हो गई और शनिवार को एक और बच्चे की मौत हुई।"
ये सभी बच्चे माल्दा जिले के कालियाचक-1, कालियाचक-2 और कालियाचक-3 ब्लॉक के हैं। राशिद ने कहा है, "इस अज्ञात बीमारी में पहले तेज बुखार और उल्टी की लक्षण पाए गए, इसके बाद अकड़न की शिकायत देखी गई।" इस बीच कोलकाता से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने शनिवार को बीमारी प्रभावित इलाके का दौरा किया है।