क्रिसमस के दिन काबुल से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अचानक पाकिस्तान जाने से एक बार फिर दोनों देशों के बीच रिश्तों में गर्माहट आ गई है। अब खबर है कि दोनों देशों के विदेश सचिव नए साल की शुरुआत में आपस में मिल सकते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिव नए साल के मध्य यानी 15 जनवरी को मिल सकते हैं।
मोदी ने शुक्रवार को अपने पाक समकक्ष नवाज शरीफ से लाहौर में मुलाकात की थी। हालांकि दोनों देशों के विदेश सचिव स्तर की बातचीत को लेकर अभी कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। लेकिन सूत्र बताते हैं कि भारत के विदेश सचिव एस जयशंकर पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज से मिलने इस्लामाबाद का दौरा कर सकते हैं।
एक और क्रिकेटर हुआ चोटिल, हॉस्पिटल में कराना पड़ा भर्ती
क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के चोटिल होने की लिस्ट लंबी होती जा रही है। अब एक और युवा क्रिकेटर को कान के पीछे चोट लगने के कारण हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा है।
बंगाल के बल्लेबाज विरतम पोराल को शुक्रवार को उस समय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जब क्षेत्ररक्षण के दौरान उनके बाएं कान में चोट लग गई। भुवानीपुर और ईस्ट बंगाल के बीच एक क्लब मैच में पोराल क्रीज के बेहद करीब खड़े होकर क्षेत्ररक्षण कर रहे थे। चोट लगने के बाद पोराल ने बताया कि हेलमेट पहनने के बावजूद उनके बाएं कान में चोट आई है।
बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) की ओर से आयोजित किए जाने वाले तीन दिवसीय लीग टूर्नामेंट एएन घोष ट्रॉफी के फाइनल मैच में 26 साल के पोराल फारवर्ड शॉर्ट लेग पर क्षेत्ररक्षण कर रहे थे और उन्हें उस समय कान पर गंभीर चोट लग गई जब वह भुवानीपुर के बल्लेबाज प्रीनन दत्ता के पुल शॉट से बचने का प्रयास कर रहे थे।
पोराल के चोटिल होने की घटना ने साल के मध्य में घटी उस घटना की याद दिला दी जिसमें बंगाल अंडर-19 टीम के कप्तान अंकित केशरी की मौत हो गई थी जो उन्हीं की टीम के खिलाड़ी थे।
जेहादी बनने जा रहे हैदराबाद के 3 युवक नागपुर में गिरफ्तार
आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) में शामिल होने जा रहे हैदराबाद के 3 छात्र को नागपुर में हिरासत में ले लिया गया है।
अफगानिस्तान के रास्ते आईएस में शामिल होने जा रहे इन 3 युवकों के बारे में तेलंगाना पु्लिस और महाराष्ट्र एंटी-टेरेरिस्ट स्क्वायड (एटीएस) ने आपसी तालमेल दिखाते हुए लगातार इन पर नजर बनाए रखी। इन तीनों युवकों को श्रीनगर के लिए रवाना होने से पहले नागपुर के डॉ बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया।
माना जा रहे है कि वे नागपुर एयरपोर्ट से श्रीनगर के लिए फ्लाइट पकड़ने वाले थे। एक दिन पहले ही तीनों सड़क के माध्यम से हैदराबाद से नागपुर पहुंचे थे।
अब एयर इंडिया में नहीं मिलेगा मांस
पहली जनवरी से घाटे में चल रही एयर इंडिया ने बड़ा फैसला लेते हुए डेढ़ घंटे तक उड़ान वाले विमानों के इकोनॉमी क्लास पैसेंजरों को मांसाहार नहीं परोसने का निर्णय किया है। इसके
अलावा लंच और डिनर के मेन्यू में से इसने चाय और कॉफी को भी बाहर कर दिया
है। अभी तक एयर इंडिया डेढ़ घंटे तक के उड़ान वाले विमानों में सामिष और
निरामिष सैंडविच और केक परोसा करती थी।
एयर इंडिया के एक सर्कुलर के अनुसार, पहली जनवरी से सिर्फ शाकाहारी भोजन ही परोसे जाएंगे। पिछले
सप्ताह जारी एक सर्कुलर में एयर इंडिया ने कहा था कि यह निर्णय लिया गया है
कि पहली जनवरी 2016 से 61 मिनट से 90 मिनट के उड़ान वाले विमानों के
इकॉनोमी क्लास में सिर्फ भारतीय शाकाहारी भोजन ही परोसे जाएंगे।