उत्तराखंड में आई आपदा में प्रभावित लोगों की मदद के लिए सेना के जवानों के साथ-साथ पूरा देश जी-जीन से लगा हुआ है। वहीं, एक हिंदी टीवी न्यूज चैनल के एक रिपोर्टर की करतूत ने मानवता को शर्मसार कर दिया है।
आपदा पीड़ित के कंधे पर सवार होकर खबर देने वाले न्यूज एक्सप्रेस रिपोर्टर नारायण परगाईं का वीडियो यूट्यूब पर वायरल हुआ है। इसकी हर तरफ आलोचना की जा रही है।
अपने रिपोर्टर के इस करतूत से नाराज चैनल ने उसे नौकरी से निकाल दिया है। चैनल ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि नारायण की करतूत न केवल अमानवीय है, बल्कि संस्थान के मूल्यों के भी खिलाफ है।
चैनल ने एक बयान में कहा, "न्यूज एक्सप्रेस चैनल ने नारायण परगाईं का वीडियो प्रसारित नहीं किया है, लेकिन किसी ने इसे यूट्यूब पर जारी किया है। जिसके बारे में चैनल को मालूम नहीं है। मंगलवार को कंपनी ने नारायण को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया।"
नारायण ने यह बात स्वीकार की है कि वह आपदा पीड़ित के कंधे पर सवार हुए थे, लेकिन वह वीडियो उनकी न्यूज रिपोर्ट से हटा दिया गया था।
उन्होंने बताया कि उनके दोस्त ने उन्हें धोखा दिया है। उनके करियर को बर्बाद करने के लिए उसने एक साजिश के तहत इसे यूट्यूब पर जारी किया। (देखें वीडियो)