आतंकी हमलों के खतरों के खिलाफ चल रही देशव्यापी कार्रवाई में सुरक्षा एजेंसियों ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। जबकि नौ को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की जा रही है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक की पुलिस के साथ नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) और खुफिया एजेंसी आईबी ने ऑनलाइन कट्टरपंथ और आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना में लगे इस बेहद खतरनाक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।
एनआईएस के हाथों गिरफ्तार यह पांच युवक जल्द ही बड़े आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में लगे थे। खुफिया एजेंसियां इन लड़कों पर लंबे समय से नजर रख रही थी। संदिग्ध लड़कों में एक लखनऊ का है जबकि मुंबई से एक, हैदराबाद के दो, बंगलुरू से एक और मंगलोर से एक लड़के गिरफ्तार हुए हैं। इनके पास से आईईडी बम बनाने के सामान भी बरामद हुए हैं।
गृहमंत्रालय के आंतरिक सुरक्षा विभाग के संयुक्त सचिव एमएएस गणपति के मुताबिक यह लड़के आईएसआईएस की तर्ज पर इंटरनेट के जरिए एक बड़ा गिरोह बनाने में कामयाब हो गए थे। इसकी पहली कड़ी हरिद्वार से दो दिन पहले गिरफ्तार चार लड़के हैं। गणपति ने बताया कि हरिद्वार में हुई कार्रवाई के बाद बृहस्पतिवार देर रात अलग अलग जगहों से 14 लड़कों को हिरासत में लिया गया। शुक्रवार दोपहर होते होते उनमें से पांच गैर कानूनी गतिविधि निरोधक कानून (यूएपीए) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।