रुड़की में चार संदिग्ध आतंकियों के पकड़े जाने और जैश-ए-मोहम्मद के दिल्ली में संभावित हमले के इनपुट के बाद एनसीआर में अलर्ट जारी हुआ है। सक्रिय हुईं खुफिया एजेंसियों ने वीजा पर आए पाकिस्तानी नागरिकों की गतिविधियों पर निगाह जमा दीं हैं। साथ ही पाकिस्तान के अलावा अन्य देशों में होने वालीं टेलीफोन कॉल्स की निगरानी भी की जा रही है।
कैंट एरिया मेरठ से पिछले दिनों पाक जासूस इजाज अहमद की गिरफ्तारी और पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले के बाद से पहले से ही वेस्ट यूपी में सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे में रुड़की में चार संदिग्ध आतंकियों के पकडे़ जाने और अब जैश-ए-मोहम्मद का अगला निशाना दिल्ली होने के आईबी से मिले इनपुट के आधार पर उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में खासी हलचल देखने को मिल रही है।
केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने इस संबंध में लोकल इंटेलीजेंस को कड़ी हिदायत भी दी है। कहा है कि दिल्ली में किसी संभावित वारदात को अंजाम देने से पहले आतंकी दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ या बागपत में छिप सकते हैं।