धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर राज्यसभा में हंगामा जारी है। विपक्ष इस मुद्दे पर हमलावर है तो वहीं सरकार बचाव की मुद्रा में आ गई है। दरअसल आठ दिसंबर को आगरा में हुए 'कथित धर्मपरिवर्तन' से उठी आग अभी तक ठंडी नहीं हुई है।
सरकार की ओर से कहा गया कि वह इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। कांग्रेस की ओर से आनंद शर्मा ने हमले की कमान संभाली हुई है वहीं मोदी सरकार की ओर से मुख्तार अब्बास नकवी और वैंकेया नायडू ने मोर्चे पर डटे हैं।
वैंकेया नायडू ने कहा कि," संबंधित मंत्री इस मामले में जवाब देंगे।" बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि,"मैं चाहती हूं कि पीएम इस पर जवाब दें। जो उनके नेता लगातार भाषणबाजी कर रहे हैं उस पर भी वह बोलें।"
विपक्ष की मांग पर पीएम राज्यसभा में पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि चर्चा के बाद वे भी इस मामले पर कुछ कह सकते हैं।