फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यदि मैंने कोई गलती की है तो क्षमा करें: मोदी

Fri, 21 Dec 2012 12:32 AM IST
अहमदाबाद/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
गुजरात में जीत की हैट्रिक लगाने वाले मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से आशीर्वाद देने की अपील की। मोदी ने कहा कि जनता ने उन्हें सत्ता दी है अब वह आशीर्वाद भी दे कि उनसे गलती से भी कोई गलती नहीं हो।
विज्ञापन


इस मौके पर मोदी ने यह भी कहा कि यदि उनसे पहले कुछ गलत हुआ हो तो राज्य के छह करोड़ लोग उन्हें इसके लिए क्षमा करें। हिंदी में दिए अपने 45 मिनट के भाषण में मोदी ने विधानसभा चुनावों में विजय की इस हैट्रिक को छह करोड़ गुजरातियों की जीत बताते हुए कहा कि अब उन्हें किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने टीवी चैनलों पर बयान देने वाले नेताओं और राजनीतिक विश्लेषकों को आडे़ हाथों लेते हुए कहा कि वे अब भी चुनावी नतीजों को पचा नहीं पा रहे हैं।
विज्ञापन


राजनीतिक पंडितों को समझ लेना चाहिए कि इन चुनाव ने देश में एक मिसाल कायम की है। यह चुनाव पूरी तरह से विकास के मुद्दे पर लड़ा गया और गुजरात की जनता ने बौद्धिक परिपक्वता का परिचय देते हुए जातिवाद और क्षेत्रवाद के जहर से ऊपर उठकर तथा खोखले नारों और झूठे वादों को नकार कर विकास के पक्ष में वोट दिया।

मोदी ने कहा कि देश में जनता सुशासन और विकास के लिए तड़प रही है। हमें जनता की आकांक्षा को समझना और उसे पूरा करना है। मोदी ने चुनावी प्रचार में उनके खिलाफ हुए राजनीतिक हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि वह पत्थर से सीढ़ी बनाना जानते है और इस चुनाव में भी पडे़ हुए हर पत्थर को उन्होंने सीढ़ी में बदल दिया है।

उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि मैं कहता हूं कि जितना कीचड़ उछालोगे कमल उतना ही खिलेगा। उन्होंने चुनावी प्रचार अभियान में किसी भी दल या नेता के विरुद्ध जाने अनजाने कहे गये आपत्तिजनक शब्दों के लिए माफी भी मांगी।  मोदी ने कहा कि इस चुनावी जीत के बाद नया युग शुरू हुआ है। आने वाले पांच वर्षों में भी वह उसी शिद्दत से काम करते रहेंगे, जैसे बीते 11 साल से कर रहे हैं।

माना जा रहा है कि भाजपा से प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे मोदी ने ज्यादा लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए ही हिंदी में भाषण दिया, जबकि वे प्रचार अभियान के दौरान गुजराती में भाषण देते रहे थे। मोदी ने कहा कि वह गुजरात के जरिए पूरे देश की सेवा कर रहे हैं।

पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं है। अब आगे बढ़ने का वक्त है। हम अनंत ऊर्जा, अनंत साहस और अनंत धैर्य चाहते हैं।
-नरेंद्र मोदी, गुजरात के सीएम

मोदी भाई हमेशा ही भाजपा के महत्वपूर्ण नेता रहे हैं। भाजपा कोई वंशवाद वाली पार्टी नहीं है, जिसे कोई युवराज चला रहा हो। हमारी पार्टी पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से काम करती है। लेकिन इस चुनाव में एक महत्वपूर्ण बात यह रही कि जिस देश में जाति का इतना विभाजन हो, वहां पूरी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने वाले नेता ने फिर जीत हासिल की।
-रविशंकर प्रसाद, भाजपा

जिस तरह से एग्जिट पोल आए और चुनाव पूर्व भविष्यवाणियां की गईं, उससे मोदी को फायदा मिलना स्वाभाविक ही है। मोदी का मीडिया पर भी एक तरह से पूरा नियंत्रण था। भाजपा ने थ्रीडी प्रचार किया था, लेकिन नतीजे टूडी ही रहे। वह 150-140 सीटों के अपने दावे से बहुत पीछे रह गई।
-कपिल सिब्बल, दूरसंचार मंत्री

-मोदी केवल एक राज्य तक सीमित हैं, जबकि राहुल की लोकप्रियता पूरे देश में है। हमें मोदी से कोई डर नहीं है। मोदी हमें पूरे देश में नहीं हरा सकते।
सलमान खुर्शीद, विदेश मंत्री

-हिमाचल और गुजरात के चुनाव नतीजों से साफ है कि कांग्रेस बढ़ रही है, जबकि भाजपा कमजोर पड़ रही है।
एम करुणानिधि, द्रमुक प्रमुख

कांग्रेस ने हिमाचल के साथ गुजरात में भी जीत हासिल की है। कांग्रेस को कई सीटों का फायदा हुआ है। भाजपा को उसने एक दायरे से आगे नहीं बढ़ने दिया। मैंने अभी जो आंकड़े देखे, उसमें भाजपा 117 सीटों पर आगे थी। कांग्रेस ने अपनी टैली में सुधार किया है। इस तरह गुजरात में स्पष्ट रूप से कांग्रेस विजयी हुई है।
-पी चिदंबरम, वित्त मंत्री

गुजरात ने विकास की राजनीति को तरजीह दी है। इस जीत से राज्य की भाजपा सरकार ने एक रोल मॉडल के रूप में देश में अपनी प्रतिष्ठा को और बढ़ाया है। राज्य के विकास के लिए गुजरात की जनता ने एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को चुना है।
विज्ञापन

नितिन गडकरी, भाजपा अध्यक्ष

मैं नरेंद्र मोदी को जीत की बधाई देता हूं।
-अमिताभ बच्चन, बॉलीवुड अभिनेता
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें