फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर दंगा: ग्रामीणों ने पेश की अनोखी मिसाल

Tue, 10 Sep 2013 12:29 AM IST
अमर उजाला, शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
नफरत की हिंसा में जल रहे यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में कुरमाली के ग्रामीणों ने आपसी सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की।
विज्ञापन


हिंदू परिवारों ने गांव से पलायन कर रहे 350 मुस्लिम परिवारों को न केवल जाने से रोका, बल्कि उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया।

जाट बाहुल्य गांव में सोमवार सुबह एक व्यक्ति की हत्या के बाद गांव के मुस्लिम परिवारों में दहशत फैल गई। गांव में जैसी ही पुलिस पहुंची, वे अपने घरों से कपड़े आदि सामान लेकर घर के ताले लगाकर पलायन करने लगे।

डीएम प्रवीण कुमार सिंह, आईजी अभय कुमार प्रसाद, डीआईजी रघुवीर लाल भी यहां पहुंच गए। पूर्व प्रधान सूरजभान, अशोक, जीत सिंह, राम सिंह आदि लोग यहां पहुंच कर मुस्लिम परिवारों को जाने से रोका।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि इस गांव में हमेशा दोनों समुदाय मिल-जुलकर रहते हैं, ऐसे में वह उन्हें कैसे जाने दें। आला अफसरों ने भी उन्हें समझाया, जिसके बाद यह परिवार गांव में रुकने को तैयार हो गए।

डीएम ने बताया कि हिंदू परिवारों ने उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया है। इस गांव के ग्रामीणों ने दूसरे गांवों के सामने भी एक मिसाल कायम कर सद्भाव का संदेश दिया है।

उधर, कुड़ाना में भी पलायन कर रहे मुस्लिम परिवारों को हिंदू परिवारों ने रोक लिया। लखनऊ से आए डीआईजी रघुवीर लाल ने बताया कि गांव से एक वाहन से मुस्लिमों को निकाल दिया गया था, लेकिन दूसरे वाहन को हिंदू परिवारों ने रोक लिया। हिंदुओं ने मुसलिमों से आपसी भाईचारे से रहने का भरोसा दिलाया।

यहां बसती है इंसानियत
डूंडूखेड़ा में ग्रामीणों ने पंचायत कर अमन-चैन की मिसाल कायम करते हुए एक समुदाय के लोगों से पलायन नहीं करने की अपील की।

गांव इस्सोपुर, हुरमंजपुर, बिराल, भारसी, एलम, नाला, कनियान और भभीसा आदि गांवों से एक समुदाय के लोगों ने अपने रिश्तेदारों के यहां पलायन करना शुरू कर दिया।

सोमवार शाम को गांव डूंडूखेड़ा में ग्राम प्रधान राजपाल के निवास पर सर्वसमाज के लोगों की पंचायत हुई। प्रधान ने सभी ग्रामीणों की ओर से एक समुदाय के लोगों को गांव से पलायन नहीं करने की अपील करते हुए सुरक्षा का आश्वासन दिया।

पंचायत में गांव का माहौल खराब वालों के बारे में पुलिस को सूचना देने का निर्णय किया गया। पंचायत में गांव में शराबी, शरारती और नवयुवकों पर निगरानी रखने के लिए प्रत्येक गली से दो लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
पंचायत में सतपाल, रूला सिंह, मंजीत कुमार, सुभाष, अली मोहम्मद, विशेष, शरीफ, विश्वास, भोपाल, इकराम, उमेद, सोहनवीर, नरेंद्र कृष्ण आदि लोग मौजूद रहे।

उधर, क्षेत्र के गांव भारसी प्रधान महकार सिंह, कनियान प्रधान सत्यवीर सिंह पंवार, भभीसा से सुरेश प्रधान, नाला से बबली ने भी अपने अपने गांवों में समुदाय विशेष के लोगों से गांव नहीं छोड़ने की अपील की।

विधायक की गिरफ्तारी के लिए दबिश
कवाल की क्लिपिंग प्रकरण और मंदौड़ा पंचायत में शामिल होने पर भाजपा विधायक संगीत सोम पर शिकंजा कसने लगा है।

सोमवार को एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में गठित टीम ने मय फोर्स सरधना स्थित भाजपा विधायक की तलाश में उनके कैंप कार्यालय पर दबिश दी गई, लेकिन वे नहीं मिले। दबिश के दौरान एसपी ट्रैफिक ने क्लिपिंग भी बनाई।

छेड़छाड़ को लेकर मुजफ्फरनगर के कवाल में जमकर बवाल हुआ था। इसी बीच एक क्लिपिंग को कवाल की बताकर उसे फेसबुक पर डाल दिया गया था। इसे लाइक करने पर भाजपा विधायक संगीत सोम समेत कई लोगों पर मुजफ्फरनगर में मामला दर्ज कराया गया था।
विज्ञापन


इसी बीच मंदौड़ा पंचायत में शामिल होने पर भी विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। टीम ने विधायक के निजी कमरे की भी तलाशी लेनी चाही, लेकिन उसके चाबी नहीं मिली।

इसके बाद काफी देर तक कैंप कार्यालय पर ही मंत्रणा करने के बाद टीम लौट गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें